राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) की अखिल भारतीय समन्वय बैठक इस वर्ष केरल के पलक्कड़ में होगी। 31 अगस्त से शुरू होने वाली यह तीन दिवसीय बैठक बेहद महत्वपूर्ण मानी जा रही है। इसमें आगामी चुनावों सहित राष्ट्रीय संदर्भ के बड़े मुद्दों पर विचार-विमर्श हो सकता है। इस बैठक में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा भी भाग ले सकते हैं।
गत लोकसभा चुनाव में उनके एक बयान से भाजपा-आरएसएस में कुछ मतभेद होने की खबरें आईं थीं, लेकिन दोनों ही संगठनों के शीर्ष नेताओं ने इससे इनकार किया था। इस बैठक में दोनों संगठनों में बेहतर समन्वय को लेकर भी विचार-विमर्श हो सकता है। आरएसएस के प्रमुख पदाधिकारी सुनील आंबेडकर ने बताया है कि इस बैठक में राष्ट्रीय महत्त्व के विभिन्न विषयों, हाल में हुई महत्वपूर्ण घटनाओं और अन्य विषयों के संदर्भ में चर्चा होगी। आरएसएस के सभी अनुषांगिक संगठन विविध विषयों पर परस्पर सहयोग को और अधिक बढ़ाने हेतु आवश्यक उपायों पर भी चर्चा करेंगे।
इस बैठक में आरएसएस सरसंघचालक डॉ. मोहन भागवत, सरकार्यवाह दत्तात्रेय होसबोले सहित संघ के सभी छह सह सरकार्यवाह और अन्य प्रमुख पदाधिकारी भाग लेंगे। सामान्यतः यह बैठक वर्ष में एक बार आयोजित की जाती है। पिछले वर्ष यह बैठक सितंबर 2023 में पुणे में हुई थी।