कांग्रेस नेता और दिल्ली की चांदनी चौक सीट से पूर्व विधायक अलका लांबा एक बार फिर चर्चा में हैं। इस बार भी उनका चर्चा में आना राजनीतिक है। हुआ यूं कि मध्यप्रदेश के रीवा जिले से भाजपा विधायक राजेंद्र शुक्ला ने बॉलीवुड एक्टर सोनू सूद से श्रमिकों को लाने के लिए मदद मांगी तो, इस पर अलका लांबा भड़क गईं।
लांबा ने ट्वीट के जरिए हमला करते हुए कहा कि देश और राज्य में इनकी ही पार्टी की सरकार होते हुए भी सोनू सूद से मदद मांग रहे हैं। नाराज अलका लांबा ने तो इस्तीफा तक मांग लिया।
देश भर में अब भी श्रमिक जहां-तहां फंसे हुए हैं। वहीं बॉलीवुड एक्टर सोनू सूद ऐसे श्रमिकों को अपने पैसे से उनके घर भिजवा रहे हैं। इसको लेकर उनकी खूब तारीफ भी हो रही है। रीवा से भाजपा विधायक राजेंद्र शुक्ला ने भी ट्वीट कर बॉलीवुड एक्टर सोनू सूद से श्रमिकों को लाने के लिए मदद मांगी है।