करीब छह महीने पहले जिला पंचायत के अपर मुख्य अधिकारी को फोन पर गालियों की बौछार करने वाले प्रदेश के चिकित्सा शिक्षा राज्यमंत्री राधेश्याम सिंह ने इस बार अमर उजाला के हाटा तहसील के पत्रकार को निशाना बनाया है। हाटा सीट से सपा के उम्मीदवार राधेश्याम ने मनमाफिक खबर न छपने से खफा होकर पत्रकार मनोज को जिंदा फूंक देने की धमकी दी है।
राज्यमंत्री और सपा उम्मीदवार की फोन पर दी गई धमकी का ऑडियो वायरल हो जाने के बाद प्रशासन के कान खड़े हो गए हैं। हाटा पुलिस ने राधेश्याम के खिलाफ जान से मारने की धमकी और आदर्श आचार संहिता के उल्लंघन का केस दर्ज किया है।
पत्रकार मनोज गिरी से फोन पर 9.50 मिनट की बातचीत में राधेश्याम गरजने की शैली में रहे हैं। इकतरफा बोलने के क्रम में नौ दफा गंदी गाली का इस्तेमाल करते हुए कहा, चार मार्च की शाम पांच बजे मतदान खत्म होने के बाद अमर उजाला के हाटा तहसील कार्यालय पर पहुंचकर पत्रकार समेत जो भी सामने पड़ेगा, पेट्रोल डालकर जिंदा जला देंगे।