एनसीपी के राज्यसभा सांसद प्रफुल्ल पटेल ने गुरुवार को कहा कि महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री अजित पवार एक लोकप्रिय और दिग्गज नेता हैं और उन्हें मुख्यमंत्री बनने का अवसर मिलेगा। ऐसी अटकलों के बारे में पूछे जाने पर पटेल ने नागपुर में संवाददाताओं से कहा कि (सीएम का) पद खाली नहीं है, तो इस बारे में बात क्यों करें। उन्होंने कहा, अजित पवार एक लोकप्रिय और दिग्गज नेता हैं। वह कई वर्षों से हमारी पार्टी का नेतृत्व कर रहे हैं। जो काम करते हैं उन्हें आज, कल या परसों मौका मिलता है। कई लोगों को मौका मिला है। अजित दादा को भी आज नहीं तो कल या भविष्य में कभी भी मौका मिलेगा। हम उस दिशा में काम करेंगे।
कांग्रेस नेता पृथ्वीराज चव्हाण ने हाल ही में दावा किया था कि राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एनसीपी) नेता अजीत पवार को 10 अगस्त को एकनाथ शिंदे की जगह राज्य का मुख्यमंत्री नियुक्त किया जाएगा।महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री और वरिष्ठ भाजपा नेता देवेन्द्र फडणवीस ने सोमवार को चव्हाण के दावे को खारिज करते हुए कहा कि शिंदे मुख्यमंत्री बने रहेंगे और राज्य में कोई बदलाव नहीं होगा।
शिंदे ने कहा था कि अजित पवार के सरकार में आने से उन्हें कोई खतरा नहीं है। केंद्र में मंत्रिपरिषद में शामिल किए जाने की संभावना के बारे में पूछे जाने पर प्रफुल्ल पटेल ने कहा कि केंद्रीय मंत्रिमंडल में फेरबदल या विस्तार पर कोई चर्चा नहीं है। उन्होंने कहा, मुझे नहीं लगता कि ऐसा होगा।