पाकिस्तानी सिनेमाघरों द्वारा बॉलीवुड फिल्मों पर बैन के बाद दिवाली रिलीज शिवाय और ऐ दिल है मुश्किल को लेकर वहां असमंजस की स्थिति है। अखबारों डॉन और द एक्सप्रेस ट्रिब्यून ने कहा है कि पाकिस्तान सरकार ने भारतीय फिल्मों पर रोक नहीं लगाई है और वहां के मिनिस्ट्री ऑफ कॉमर्स ने दोनों फिल्मों को प्रदर्शन की मंजूरी देते हुए, सेंसर बोर्ड में बढ़ा दिया है। बोर्ड एक-दो दिन में प्रमाणपत्र जारी करेगा। इस बीच अजय देवगन फिल्म्स के प्रवक्ताओं ने अमर उजाला से बातचीत में कहा कि शिवाय को पाकिस्तान में रिलीज करने का इरादा नहीं है। मगर उन्होंने पाकिस्तानी सेंसर बोर्ड के पास गई फिल्म के सवाल पर चुप्पी साध ली।
पाकिस्तान मीडिया की खबरें कह रही हैं कि वहां बॉलीवुड की दिवाली रिलीज फिल्मों का इंतजार हो रहा है। पाकिस्तानी अखबार अपुष्ट दावे कर रहे हैं कि वहां के सिनेमाघर मालिकों ने बॉलीवुड फिल्मों पर लगाया प्रतिबंध खत्म करने का फैसला किया है। इस बीच पाकिस्तान मीडिया रेगुलेटरी अथॉरिटी ने बीते शुक्त्रस्वार से भारतीय रेडियो-टीवी पर पूरी तरह रोक लगा दी। ऐसे में सवाल है कि क्या फिल्मों की रिलीज उसके दायरे में आएगी?
इधर, करन जौहर पाकिस्तान में अपनी फिल्म रिलीज करने के मुद्दे पर चुप हैं। उनकी फिल्म में पाकिस्तानी ऐक्टर फवाद खान हैं, जिनकी वजह से पिछले दिनों विवाद हुआ। फवाद के कारण पाकिस्तान की इस फिल्म में दिलचस्पी है। करन की मुश्किल दो दिन पहले ही भारत में हल हुई हैं, जब मुंबई में मनसे ने अपनी कुछ शर्तों के साथ उनसे फिल्म रिलीज करने की इजाजत दी।