एयरसेल मैक्सिस मनी लांड्रिंग मामले में पूर्व वित्त मंत्री पी. चिदंबरम के बेटे कार्ति चिदंबरम के खिलाफ प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने बुधवार को अदालत में चार्जशीट दाखिल कर दी। मामला विदेश निवेश की अनुमति दिलाने के लिये नियमों से जुड़ी अनियमितता व भ्रष्टाचार से जुड़ा है।
प्रवर्तन निदेशालय ने पटियाला हाउस स्थित ड्यूटी मजिस्ट्रेट के समक्ष चार्जशीट दाखिल कर दी। एजेंसी ने कार्ति पर धन शोधन रोकथाम अधिनियम की धाराओं के तहत चार्जशीट दाखिल की है। चार्जशीट पर सुनवाई के लिये चार जुलाई की तारीख तय की गई है।
पटियाला हाउस स्थित विशेष अदालत ने दो मई को कार्ति की अग्रिम जमानत याचिका पर सुनवाई करते हुए गिरफ्तारी पर 10 जुलाई तक रोक लगा दी थी। इस मामले में इसके बाद अदालत ने पांच जून को कार्ति के पिता पी. चिदंबरम की अग्रिम जमानत याचिका पर सुनवाई करते हुए गिरफ्तारी पर रोक को 10 जुलाई तक बढ़ा दिया था।
सीबीआई व ईडी एयरसेल मैक्सिस को 2006 में विदेशी निवेश प्रोत्साहन बोर्ड (एफआईपीबी) की अनुमति दिलाने में कार्ति की भूमिका की जांच कर रही है। उस समय उनके पिता पी. चिदंबरम केंद्रीय वित्त मंत्री थे।
बता दें कि आईएनएक्स मीडिया को 305 करोड़ रुपये के विदेशी निवेश की अनुमति एफआईपीबी से दिलाने के मामले में भी कार्ति आरोपी हैं।