उत्तर भारत में घना कोहरा, दृश्यता शून्य, 50 ट्रेनें लेट
दिल्ली-एनसीआर समेत पूरा उत्तर भारत बुधवार को घने कोहरे में घिरा रहा। हिमाचल प्रदेश से लेकर राजस्थान तक वायु गुणवत्ता गंभीर श्रेणी में रही। दिल्ली-एनसीआर में घने कोहरे के कारण दृश्यता शून्य तक पहुंच गई। करीब 10 उड़ानों के मार्ग बदलने पड़े और 50 से अधिक ट्रेनें देरी से चलीं। 17 नवंबर तक पंजाब, हिमाचल प्रदेश, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली और उत्तर प्रदेश में कई जगहों पर सुबह व शाम घना कोहरा छाए रहने की आशंका है। हवाओं की धीमी गति के कारण दिल्ली में प्रदूषण का स्तर इस मौसम में पहली बार बेहद गंभीर श्रेणी में पहुंच गया।
मौसम विज्ञानियों के अनुसार, हिमालयी क्षेत्र में सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से पछुआ हवा चलने लगी है। इससे पंजाब-हरियाणा के ऊपर जमा प्रदूषण दिल्ली की तरफ रुख कर गया। अब बृहस्पतिवार से मौसम में बदलाव के आसार हैं, जिससे जम्मू-कश्मीर, हिमाचल, चंडीगढ़, उत्तराखंड व इससे सटे इलाकों में बारिश और ऊंचे हिस्सों में बर्फबारी हो सकती है।
दिल्ली हवाईअड्डे पर कम दृश्यता के कारण नौ उड़ानों को जयपुर और एक को लखनऊ डायवर्ट करना पड़ा। कई उड़ानों में देरी हुई। मौसम विशेषज्ञों का कहना है, शुक्रवार से हवा की रफ्तार तेज होने से प्रदूषण से राहत मिलेगी और उत्तर भारत में तापमान में धीरे-धीरे गिरावट शुरू होगी।