दिल्ली से अमृतसर जा रही एअर इंडिया की एक उड़ान के कुछ समय के लिए पाकिस्तानी हवाई क्षेत्र में प्रवेश करने का मामला सामने आया है। यह घटना ऐसे समय हुई है जब पाकिस्तान ने भारतीय विमानों के लिए अपना हवाई क्षेत्र बंद कर रखा है। एअर इंडिया ने घटना की पुष्टि करते हुए कहा है कि विमान अमृतसर हवाई अड्डे पर लैंडिंग की कोशिश के दौरान 'गो-अराउंड' प्रक्रिया में था, तभी वह सीमित समय के लिए पाकिस्तानी हवाई क्षेत्र में चला गया।
अब इस मामले में नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (डीजीसीए) ने बताया है कि 22 जून 2026 को एअर इंडिया की दिल्ली से अमृतसर जाने वाली उड़ान एआई-479 एक विशेष परिस्थिति के कारण कुछ समय के लिए पाकिस्तान के हवाई क्षेत्र में प्रवेश कर गई थी। हालांकि, पूरी प्रक्रिया संबंधित अधिकारियों के समन्वय में हुई और विमान सुरक्षित रूप से दिल्ली लौट आया। डीजीसीए के अनुसार, एयर इंडिया का एयरबस ए321 विमान (वीटी-पीपीवी) दिल्ली से अमृतसर के लिए उड़ान भरकर पहुंच रहा था। इसी दौरान अमृतसर हवाई अड्डे पर एक अन्य विमान से पक्षी टकराने की घटना हुई थी। इसके बाद रनवे की जांच के लिए एआई-479 को कुछ समय तक हवा में चक्कर लगाने के निर्देश दिए गए।
एअर इंडिया के अनुसार, यह घटना 22 जून को उड़ान संख्या एआई-479 के साथ हुई, जो दिल्ली से अमृतसर जा रही थी। एयरलाइन ने बताया कि अमृतसर हवाई अड्डे पर उतरते समय किसी कारण से विमान को गो-अराउंड प्रक्रिया अपनानी पड़ी। इसी दौरान विमान ने थोड़े समय के लिए पाकिस्तानी हवाई क्षेत्र का उल्लंघन किया। एयरलाइन ने कहा कि घटना की जानकारी संबंधित नियामक एजेंसियों को दे दी गई है और आंतरिक जांच भी शुरू कर दी गई है। एअर इंडिया ने अपने बयान में कहा कि विमान के चालक दल ने अमृतसर में गो-अराउंड प्रक्रिया के दौरान सीमित स्तर पर पाकिस्तानी हवाई क्षेत्र में प्रवेश किया। गो-अराउंड ऐसी प्रक्रिया होती है, जब किसी कारण से विमान पहली कोशिश में सुरक्षित रूप से लैंड नहीं कर पाता और उसे दोबारा ऊंचाई लेकर एक और प्रयास करना पड़ता है। एयरलाइन ने कहा कि यात्रियों और चालक दल की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है।
पाकिस्तान ने अप्रैल 2025 में जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले और उसके बाद बढ़े सीमा तनाव के बाद भारतीय विमानों के लिए अपना हवाई क्षेत्र बंद कर दिया था। यह प्रतिबंध नागरिक और सैन्य दोनों तरह की भारतीय उड़ानों पर लागू है। हाल ही में पाकिस्तान ने इस प्रतिबंध को 24 जुलाई तक बढ़ा दिया है। भारत ने भी पाकिस्तानी विमानों के लिए अपने हवाई क्षेत्र पर प्रतिबंध लगा रखा है।
पाकिस्तान के हवाई क्षेत्र पर प्रतिबंध के कारण एअर इंडिया और इंडिगो जैसी भारतीय एयरलाइंस को यूरोप, मध्य एशिया और उत्तरी अमेरिका जाने वाली उड़ानों के लिए लंबे वैकल्पिक मार्ग अपनाने पड़ रहे हैं। विमान अब अरब सागर, यूएई और ओमान के रास्ते उड़ान भर रहे हैं। इससे उड़ान का समय बढ़ रहा है और एयरलाइंस की परिचालन लागत भी बढ़ गई है। लंबे मार्ग अपनाने के कारण विमानों को अतिरिक्त ईंधन ले जाना पड़ रहा है, जिससे यात्री और कार्गो क्षमता प्रभावित हो रही है। बढ़ती लागत का असर हवाई किराए पर भी पड़ सकता है। पश्चिम एशिया में जारी तनाव और पाकिस्तान के प्रतिबंध के कारण कुछ अंतरराष्ट्रीय उड़ानों को अस्थायी रूप से निलंबित भी करना पड़ा है।