जेट एयरवेज की एयर होस्टेस के गिरफ्तारी मामले को
राजस्व खुफिया निदेशालय (डीआरआई) ने वैश्विक
हवाला कारोबार में संलिप्तता का मामला माना है। डीआरआई के अधिकारियों ने महिला को हांगकांग के सफर के दौरान विमान में ही 4 लाख 80 हजार डॉलर के साथ पकड़ा था। जांच एजेंसी के बयान के मुताबिक, चेक-इन के दौरान उसके हैंडबैंड में यह रकम अल्युमीनियम फॉयल में लिपटी मिली थी जिसकी कीमत लगभग 3.25 करोड़ रुपये है।
पूछताछ से पता चला कि महिला एक बड़े अंतरराष्ट्रीय हवाला सिंडिकेट से जुड़ी है और वह दिल्ली के हवाला कारोबारी अमित मल्होत्रा से कई बार विदेशी करेंसी लेकर ठिकाने लगा चुकी है। डीआरआई के एक वरिष्ठ अधिकारी के मुताबिक, दिल्ली के विवेक विहार का निवासी अमित विदेशी मुद्रा की स्मगलिंग के लिए विमान कर्मचारियों का इस्तेमाल करता रहा है।
अधिकारी ने बताया कि मल्होत्रा अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कालेधन को सफेद करने के लिए दिल्ली के कुछ सराफा डीलरों से रकम इकट्ठा करता था और इसे विदेश के चुनिंदा ठिकानों पर पहुंचाने के लिए कुछ एयर होस्टेस का इस्तेमाल करता था। इस रकम से विदेश में सोना खरीदकर अवैध रूप से भारत भेजा जाता था। महिला से पूछताछ में यह भी पता चला कि मल्होत्रा की महिला से दोस्ती छह महीने पहले दिल्ली की यात्रा के दौरान हुई थी।
पढ़ें- हवाला के पैसे से कश्मीर घाटी में हो रही है आतंकियों की भर्ती