सूरत से जामनगर जा रहे वायुसेना के एक विमान में मंगलवार को तकनीकी खराबी आ जाने के बाद उसे गुजरात के भावनगर के पास एहतियातन उतारा गया। अधिकारियों ने बताया कि विमान में सवार चालक दल के सभी नौ सदस्य सुरक्षित हैं।
रक्षा प्रवक्ता ने बताया कि संयोग से दक्षिण पश्चिम वायु कमान (एसडब्ल्यूएसी) के इसी विमान को सोमवार को सूरत जिले के मंगरोल तालुका में बाढ़ग्रस्त क्षेत्र में बचाव अभियान में लगाया गया था। उन्होंने एक बयान में कहा, सूरत से जामनगर के बीच उड़ान भरते समय एसडब्ल्यूएसी के इस विमान में तकनीकी खराबी आ गयी जिसके बाद एहतियातन विमान को भावनगर में 15 समुद्री मील दक्षिण में सुरक्षित उतार लिया गया।
उन्होंने बताया, हेलीकॉप्टर और चालक दल के सदस्य सुरक्षित हैं। हेलीकॉप्टर ने इससे पहले चार और पांच अगस्त को सूरत के मंगरोल इलाके में राहत एवं बचाव अभियान में हिस्सा लिया था।