केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल (सीएपीएफ), इंटेलिजेंस ब्यूरो (आईबी) और राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल (एनडीआरएफ) के लिए एयर कुरियर सेवा 23 अप्रैल से फिर शुरू हो जाएगी। इससे उन्हें उत्तर-पूर्वी राज्यों और छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित इलाकों में ड्यूटी के लिए या फिर छुट्टी पर जाने में मदद मिलेगी।
समाचार एजेंसी एएनआई की एक रिपोर्ट के अनुसार यह आदेश बीएसएफ (सीमा सुरक्षा बल) के महानिदेशक के कार्यालय से जारी हुआ है। यह आदेश सीआरपीएफ, सीआईएसएफ (केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल), सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी), इंडो तिब्बत सीमा पुलिस (आईटीबीपी), असम राइफल्स, आईबी और एनडीआरएफ के नोडल अधिकारियों को जारी किया गया है।
यह कदम बीएसएफ को केंद्रीय गृह मंत्रालय की ओर से अनुमति प्राप्त होने के बाद उठाया गया है। जिसमें एयर कुरियर सेवा को 23 अप्रैल से 31 जुलाई 2023 तक फिर से शुरू करने को मंजूरी दी गई है। मंत्रालय ने यह निर्देश भी दिया है कि एयक कुरियर सेवा का संचालन सभी अनुमति प्राप्त मार्गों पर इंटरग्लोब एविएशन लिमिटेड (इंडिगो) द्वारा किया जाएगा।
हालांकि, आदेश में स्पष्ट किया गया है कि वर्तमान में यह सेवा दिल्ली-डिब्रूगढ़, गुवाहाटी-दिल्ली, कोलकाता-अगरतला-कोलकाता, कोलकाता-आइजल-सिलचर-कोलकाता और दिल्ली-रायपुर-जगदलपुर-रायपुर-दिल्ली मार्गों पर ही शुरू की जाएगी। आदेश में कर्मियों को एयर कुरियर सेवा में अधिकतम आवंटित सीटों का उपयोग करने के लिए सूचित करने को कहा गया है।
सीएपीएफ के लिए एयर कुरियर सेवाओं का संचालन जुलाई 2010 से किया जा रहा है। हालांकि, एयर इंडिया के निजीकरण के परिणामस्वरूप बीएसएफ की ओर से निविदाओं को अंतिम रूप देने में थोड़ी देरी हुई, जो एयर कुरियर सेवा को संभालने के लिए नोडल एजेंसी है।