तमिलनाडु की सत्ताधारी पार्टी अन्नाद्रमुक ने एक बार फिर चुनावी घोषणापत्र में ढेर सारे लोकलुभावन वायदे किए हैं। बता दें कि राज्य में 16 मई को मतदान किया जाएगा। बृहस्पतिवार को जारी किए गए घोषणापत्र में वादा किया है कि यदि पार्टी फिर से सत्ता में आती है तो राज्य में सभी राशन कार्ड धारकों को मोबाइल फोन दिए जाएंगे।
घोषणापत्र जारी करने के दौरान राज्य की मुख्यमंत्री और पार्टी की मुखिया जयललिता भी मौजूद थी। उन्होंने कहा कि हर परिवार को व्यावसायिक प्रशिक्षण सहित विभिन्न कार्यक्रमों के माध्यम से नौकरी भी उपलब्ध कराई जाएगी। जयललिता ने एक चुनावी सभा में घोषणापत्र जारी किया और कहा कि सभी परिवारों को 100 यूनिट बिजली मुफ्त दी जाएगी जिससे 78 लाख उपभोक्ताओं को फायदा होगा और उन्हें बिजली का बिल नहीं देना होगा।
जयललिता ने यह भी कहा कि 11 वीं एवं 12वीं कक्षा के छात्रों के लिए मुफ्त लैपटॉप योजना आगे भी जारी रहेगी और इसके साथ ही मुफ्त इंटरनेट कनेक्शन भी दिया जाएगा। जयललिता ने यह भी कहा है फ्री मील स्कीम के अतंर्गत सभी बच्चों को सुबह का नास्ता दिया जाएगा। घोषणापत्र में यह भी कहा गया है कि मातृत्व अवकाश को 6 माह से बढ़ाकर 9 माह कर दिया जाएगा। घोषणापत्र में जयललिता ने इस बात की घोषणा भी की है कि कामकाजी महिलाएं यदि स्कूटर खरीदती हैं तो उन्हें सरकार की ओर से 50 प्रतिशत का योगदान किया जाएगा।
इस दौरान जयललिता ने यह भी कहा कि बीती बार मैंने अपने सारे वादे पूरे किए थे, यदि मैं इस बार भी सत्ता में वापस आई तो मैं आपकी सोच से ज्यादा वायदे पूरी करुंगी।