एयर इंडिया के 110 यात्री करीब ढाई घंटे तक विमान में उस समय फंसे रहे जब पायलट ने अजीबोगरीब मांग रख दी। दरअसल विमान के पायलट ने एक विशेष महिला को-पायलट के साथ ही यात्रा करने की मांग कर दी थी। सूत्रों के अनुसार ये वाक्या चेन्नई से माले की उड़ान के दौरान हुआ है।
इसी दौरान पायलट ने हाई ब्लड प्रेशर की शिकायत भी की थी और उनका इलाज भी किया गया था। गौरतलब है कि उक्त पायलट ने एयर इंडिया से इस्तीफा दे दिया है और वह छह माह के नोटिस पीरियड पर चल रहा है। जानकारी के मुताबिक पायलट ने रोस्टर सेक्शन से मांग रखी थी की कि फ्लाइट संख्या AI 263/264 पर विशेष महिला को-पायलट को भेजा जाए। हालांकि रोस्टर सेक्शन उसकी मांग को मानने से इंकार कर दिया था क्योंकि उक्त महिला पायलट को दिल्ली की फ्लाइट में तैनात किया जा चुका था।
इसके बाद उक्त पायलट ने रोस्टर सेक्शन को धमकाया कि अगर उसकी मांग नहीं मानी गयी तो वह सिक लीव पर चला जाएगा। जब रोस्टर सेक्शन ने उसकी मांग का जवाब नहीं दिया तो वह मंगलवार को सिक लीव पर चला गया, लेकिन जब वह बुधवार सुबह ड्यूटी पर आया तो उसने वही मांग दोबारा रखी।
सूत्रों के अनुसार मजबूरन रोस्टर सेक्शन को महिला को-पायलट को बुलाना पड़ा। इस प्रक्रिया में फ्लाइट सुबह सात बजे के बजाय 9:13 बजे उड़ान भर सकी। इस वाक्ये पर एयरलाइन की ओर से कोई बयान नहीं दिया गया है।