पनामा पेपर्स लीक मामले में कांग्रेस सरकार पर हमलावर हो चुकी है। कांग्रेस नेता जयराम रमेश ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर मांग की है कि इस मामले की जांच सुप्रीम कोर्ट की निगरानी में हो। उन्होंने कहा कि इसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दोस्तों के नाम भी शामिल हैं।
इस घोटाले में लोकेश शर्मा के नाम पर यह आरोप भी लगाया कि डीडीसीए अध्यक्ष रहते हुए अरुण जेटली ने लोकेश को लाभ पहुंचाया है। लोकेश ट्वेंटी फर्स्ट सेंचुरी कंपनी से ताल्लुक रखते हैं और उन्होंने ब्रिटिश वर्जिन आईलैंड में कंपनी खोली है। उन्होंने आरोप लगाया कि अरुण जेटली ने डीडीसीए में रहते हुए लोकेश की कंपनी से करार किया और स्टेडियम में विज्ञापन लगाने का काम मिला था। आपको बता दें कि ताजा खुलासे में लोकेश शर्मा का नाम भी पनामा घोटाले में सामने आया है।
जयराम ने आरोप लगाया कि इस घोटाले में छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री रमन सिंह के बेटे अभिषेक सिंह का नाम भी शामिल हैं। उन्होंने कहा कि क्वेस्टहाइट्स नाम की कंपनी अभिषेक सिंह की है। उन्होंने कहा कि पनामा घोटाले में आरोपी लोग अरुण जेटली के करीबी हैं और उन्हें सरकार की जांच पर भरोसा नहीं है।