अहमदाबाद में हुई भयावह एअर इंडिया विमान दुर्घटना का वीडियो एक 17 साल के लड़के ने अपने मोबाइल फोन से रिकॉर्ड किया था, जो बाद में सोशल मीडिया पर वायरल हो गया था। अहमदाबाद पुलिस ने अब इस किशोर का गवाह के रूप में बयान दर्ज किया है। अहमदाबाद क्राइम ब्रांच ने एक प्रेस विज्ञप्ति में पुष्टि की कि किशोर का बयान गवाह के रूप में लिया गया है। आर्यन असारी नाम के इस किशोर अपने घर की छत पर खड़े होकर यह वीडियो बना था।
आर्यन नियमित तौर पर, उड़ान भरने वाले विमान का वीडियो बनाता है, लेकिन दुर्भाग्य से इस वीडियो में इतिहास की सबसे बुरी विमान दुर्घटनाओं में से एक दुर्घटना कैद हो गई। बता दें, गुरुवार को अहमदाबाद से लंदन के लिए रवाना हुआ विमान सरदार वल्लभभाई पटेल हवाई अड्डे से उड़ान भरने के तुरंत बाद एक मेडिकल कॉलेज परिसर की इमारत से टकराकर दुर्घटनाग्रस्त हो गया। दुर्घटना में विमान में सवार 242 में से 241 यात्रियों और कई अन्य लोगों की मौत हो गई।