Gujarat Stone Pelting: गुजरात में दो गुटों के बीच तनाव के बाद पथराव का मामला सामने आया है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक मामला पुरानी रंजिश का है। टकराव बढ़ने के बाद दोनों पक्षों के लोगों ने एक-दूसरे पर जमकर पत्थर फेंके। इस खबर में पढ़ें इस मामले से जुड़े सभी अपडेट्स
गुजरात के साणंद में दो गुटों के बीच टकराव बढ़ने पर पथराव किए जाने की खबर है। तनाव बढ़ने पर मौके पर पहुंची गुजरात पुलिस की टीम ने कई लोगों को अपनी गिरफ्त में भी लिया। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक पुलिस ने स्थिति को काबू में कर लिया है।
विज्ञापन
तनाव बढ़ने पर पुलिस ने संभाला मोर्चा
स्थानीय मीडिया में आई खबरों के मुताबिक अहमदाबाद जिले के साणंद तालुका में सोमवार को पथराव हुआ। मंगलवार को हालात और खराब हो गए, जब गांव में एक जगह पर आगजनी की गई। अहमदाबाद में दो गुटों के बीच पत्थरबाजी के कई वीडियो भी सोशल मीडिया पर शेयर किए जा रहे हैं। तनाव बढ़ने की आशंका के बीच पुलिस ने तुरंत कार्रवाई की और घटना में शामिल 42 लोगों को हिरासत में लिया है।
अहमदाबाद ग्रामीण एसपी ओम प्रकाश जाट ने जानकारी दी। उन्होंने बताया कि मंगलवार को गांव में दो बाइक सवार आमने-सामने आ गए और उनके बीच कहासुनी के बाद मारपीट हो गई। इस झगड़े का वीडियो किसी ने बना लिया और उसे व्हाट्सएप पर वायरल कर दिया। इसके बाद दोनों पक्षों के परिवार और परिचित मौके पर इकट्ठा हो गए, जिससे हालात बिगड़ गए और पथराव की घटना हुई।
एसपी ने कहा कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम महज पांच मिनट में मौके पर पहुंच गई और स्थिति को काबू में कर लिया गया। इलाके के सभी वीडियो फुटेज की जांच के बाद 39 लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। अब तक कुल 42 लोगों को हिरासत में लिया गया है और मामले की जांच जारी है। उन्होंने साफ कहा कि हालात पूरी तरह नियंत्रण में हैं और पथराव में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।