रक्षा मंत्रालय ने अग्निपथ योजना को लेकर गुरुवार को एक बड़ा बदलाव किया है। केंद्र सरकार ने अग्निपथ योजना के लिए अधिकतम आयु सीमा को 21 से बढ़ाकर 23 साल तक कर दी है। यानी भर्ती के लिए अधिकतम आयुसीमा में दो साल की बढ़ोतरी की गई है। हालांकि, युवाओं को अधिकतम आयु सेवा में दो साल छूट का यह फायदा सिर्फ पहले साल में ही मिलेगा।
क्या है अग्निपथ योजना?
सरकार ने दशकों पुरानी सेना भर्ती प्रक्रिया में परिवर्तन करते हुए थलसेना, नौसेना और वायुसेना में सैनिकों की भर्ती संबंधी अग्निपथ योजना की शुरुआत मंगलवार को की थी। इस योजना के तहत एक तरह से कॉन्ट्रैक्ट के आधार पर चार साल के लिए युवाओं की भर्ती की जाएगी। इस योजना के तहत तीनों सेनाओं में इस साल करीब 46,000 युवा भर्ती किए जाएंगे। चयन के लिए पात्रता आयु पहले 17.5 वर्ष से 21 वर्ष के बीच थी, लेकिन अब सरकार ने अधिकतम उम्र सीमा को 21 से बढ़ाकर 23 कर दिया है। इस योजना के तहत भर्ती किए जाने वाले जवानों को 'अग्निवीर' कहा जाएगा।
सरकार ने शुरू किया जनसंपर्क अभियान
केंद्र सरकार ने अग्निपथ योजना को लेकर जनसंपर्क अभियान शुरू किया है। ट्वीट्स की एक श्रृंखला में, सूचना और प्रसारण मंत्रालय ने सार्वजनिक डोमेन में अग्निपथ योजनाओं से संबंधित तथ्यों को पोस्ट किया। इसमें "मिथक बनाम तथ्य" शीर्षक से एक विस्तृत दस्तावेज पोस्ट किया गया है, जो "गलतफहमियों को दूर करने" का प्रयास करता है, इसे सरकारी स्रोतों द्वारा साझा किया गया है।