पेरियार की क्षतिग्रस्त प्रतिमा
- फोटो : ANI
त्रिपुरा में लेनिन की मूर्ति गिराए जाने के बाद अब तमिलनाडु में भी इसका असर देखने को मिला। तमिलनाडु में बड़े समाज सुधारक रहे पेरियार की मूर्ति को गिराने की कोशिश की गई। तमिलनाडु की इस घटना से पहले बीजेपी नेता एच राजा ने अपने फेसबुक अकाउंट पर पेरियार की मूर्ति गिराए जाने की बात कही थी।
तमिलनाडु के वेल्लोर जिले में मंगलवार रात त्रिपट्टुर कोर्पोरेशन के ऑफिस में रखी हुई पेरियार की मूर्ति को तोड़ने की कोशिश की गई। घटना के बाद पुलिस ने दो लोगों को गिरफ्तार किया है।इलाके में तनाव का माहौल है। पुलिस ने जिन दो लोगों को गिरफ्तार किया है उनमें से एक का संबंध बीजेपी से बताया जा रहा है। पेरियार की मूर्ति तोड़ने के लिए हथौड़े का इस्तेमाल किया गया है। मौके पर पुलिस को तैनात कर दिया है।
मूर्ति क्षतिग्रस्त करने के आरोप में जिन दो लोगों को हिरासत में लिया गया, उनमें से बीजेपी से संबंधित शख्स को पार्टी से बाहर कर दिया गया है। भारतीय जनता पार्टी के तमिलनाडु प्रदेश अध्यक्ष तमिलिसै सौदरराजन ने आर मुत्थुरमन को बाहर का रास्ता दिखा दिया है। तमिलनाडु पुलिस ने मुत्थुरमन को पेरियार की मूर्ति क्षतिग्रस्त करने के आरोप में गिरफ्तार किया है।
आपको बता दें, इससे पहले एच राजा ने सोशल मीडिया पर पेरियार की मूर्ति गिराने की धमकी दी थी। उन्होंने लिखा था कि लेनिन कौन है, भारत का उनसे क्या रिश्ता है? वामपंथियों का भारत से क्या रिश्ता है। आज लेनिन की प्रतिमा को गिराया गया कल ईवीआर राजास्वामी (पेरियार) की प्रतिमा को गिराया जाएगा।
तनाव के बीच तमिलनाडु के कोयंबटूर में बीजेपी के दफ्तर पर पेट्रोल बम से हमला हुआ है। इसका वीडियो भी सामने आया है।