देश भर में इंजीनियरिंग प्रवेश परीक्षा जेईई मेन सफलतापूर्वक पूरा कराने के बाद अब नीट की तैयारी शुरू हो चुकी है। परीक्षा आयोजित कराने वाली संस्थान नेशनल टेस्टिंग एजेंसी मेडिकल प्रवेश परीक्षा नीट के सफल आयोजन के लिए भी कमर कस चुकी है। पूरे देश में 13 सितंबर को नीट का आयोजन होगा, जिसके लिए 15 लाख से ज्यादा विद्यार्थियों ने पंजीकरण करवाया है। जेईई मेन रविवार को पूरी हो गई।
एनटीए के अधिकारी ने बताया कि कोरोना महामारी के कारण दो-दो बार निरस्त होने के बाद सितंबर में ये महत्वपूर्ण परीक्षाएं आयोजित की जा रही हैं। उन्होंने बताया कि नीट के लिए 15.97 लाख छात्रों ने पंजीकरण करवाया है। जेईई के विपरीत मेडिकल प्रवेश परीक्षा पेन और पेपर युक्त होगी। सामाजिक दूरी का ध्यान रखते हुए एनटीए ने परीक्षा केंद्रों की संख्या 2546 से बढ़ाकर 3843 कर दी है। वहीं प्रत्येक कक्षा में छात्रों की संख्या 24 से घटा कर 12 कर दी गई है। परीक्षा केंद्र से लेकर प्रवेश और निकासी तक सामाजिक दूरी का ध्यान रखने को लेकर पर्याप्त व्यवस्था की गई है। छात्रों के लिए मास्क, सैनिटाइजर के अलावा सुरक्षा प्रोटोकॉल का ध्यान रखने के लिए एडवाइजरी भी जारी की गई है।