CRPF: 165वीं बटालियन के अफसर
- फोटो : Amar Ujala
नक्सलियों पर पड़ी दोहरी मार, ठिकाना छोड़ कर भागे
व्यापार रूट को दोबारा से शुरू कराने के लिए सीआरपीएफ की 165वीं बटालियन ने आईजी (ऑपरेशन) छत्तीसगढ़, डीआईजी (ऑपरेशन) सुकमा और एसपी व एएसपी सुकमा के साथ मिलकर नक्सलियों के खिलाफ रणनीति तैयार की। 17 साल से जिस इलाके पर नक्सलियों का कब्जा था, उसे मुक्त कराना सुरक्षा बलों के लिए एक बड़ी चुनौती थी। सीआरपीएफ ने इस चुनौती को स्वीकार किया। कई बड़े ऑपरेशनों के बाद कुंदर में एफओबी लगाया गया। इसके बाद सुरक्षा बलों ने महज तीस दिन में ही 'बेडरे' में दूसरा एफओबी भी स्थापित कर दिया। सुरक्षा बलों ने सड़क को ठीक कराने और विकास की दूसरी योजनाएं शुरू कराने में भरपूर सहयोग दिया। यहां तक कि सीआरपीएफ जवानों ने अपनी सुरक्षा ड्यूटी से परे जाकर श्रमदान भी किया। सड़क पर मिट्टी डाली गई। वाहनों के लिए पक्का रास्ता तैयार किया। अब वहां नक्सलियों पर दोहरी मार पड़ी है। एक तो उनका प्रभाव खत्म कर दिया गया और दूसरा, जिस रास्ते से वे बीजापुर और दंतेवाड़ा के बीच खुली आवाजाही करते थे, अब वह बंद हो गई है।
विकास की राह पर रोजगार के नए अवसर
सुरक्षा बलों का स्थायी कैंप बनने से जगरगुंडा का इमली बाजार, अब विकास की नई राह पर चलना शुरू होगा। पुराना व्यापार मार्ग शुरू होने से मिर्च व महुआ के कारोबार में भी तेजी आएगी। सुरक्षा बलों के अधिकारियों का कहना है कि अगले पांच वर्ष में यह इलाका विकास की नई राह तय करेगा। रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे। अब वह ट्रांजिट कॉरिडोर भी बंद हो जाएगा, जिसका उपयोग माओवादी पश्चिम बस्तर और दक्षिण बस्तर के बीच आवाजाही के लिए करते थे। ये एफओबी अत्यंत महत्वपूर्ण है क्योंकि यह जगरगुंडा-सिल्गर-बासागुड़ा एक्सिस पर बनाया गया है। यहां परिचालन शुरू होने से आर्थिक विकास का मार्ग प्रशस्त होगा। माओवादी हिंसा को समाप्त करने, शांति और स्थिरता लाने के उद्देश्य से सीआरपीएफ ने वामपंथी उग्रवाद प्रभावित राज्यों में पुलिस बलों के साथ मिलकर सुदूर क्षेत्रों में लगातार नए एफओबी स्थापित किए हैं।