बीते पांच साल में कई मुद्दों के हल के साथ बदली राजनीतिक परिस्थितियों का असर भाजपा के संकल्प पत्र पर साफ दिखाई देता है। इस बार के घोषणापत्र में राममंदिर की जगह रामायण उत्सव तो राष्ट्रीय जनसंख्या रजिस्टर (एनआरसी) की जगह अफस्पा ने ले ली है।
अल्पसंख्यकों के सशक्तीकरण की जगह भाषाई अल्पसंख्यकों के भाषाओं के संरक्षण ने ले ली है। इसी प्रकार किसानों की आय दोगुना करने के वादे की जगह इस बार किसानों के सशक्तिकरण, कश्मीरी पंडितों के पुनर्वास की जगह अनुच्छेद 370 निरस्त होने के बाद राज्य में आए बदलाव ने ले ली है। पार्टी ने इस बार नई योजना लागू करने का वादा करने की जगह पुरानी योजनाओं के विस्तार पर जोर दिया है। एक समानता यह है कि पार्टी ने इस बार भी लोकलुभावन योजनाओं से बीते चुनाव की तरह ही एक सुरक्षित दूरी बनाई है।
बीते चुनाव की बात करें तो घोषणापत्र में भाजपा ने अवैध घुसपैठ के कारण पूर्वोत्तर के राज्यों में सांस्कृतिक और भाषाई पहचान पर गंभीर संकट का जिक्र करते हुए एनआरसी को लागू करने का वादा किया था। इस बार एनआरसी का जिक्र नहीं है। इसकी जगह पूर्वोत्तर में आई शांति के कारण चरणबद्ध तरीके से अफस्पा हटाने की बात कही गई है।
मंच पर पहली बार आंबेडकर की प्रतिमा
घोषणापत्र जारी होने के कार्यक्रम में पहली बार पार्टी के मंच पर आंबेडकर की प्रतिमा और संविधान की प्रति नजर आई। दलित मतदाताओं को साधने की दृष्टि से पार्टी ने घोषणापत्र जारी करने का दिन आंबेडकर जयंती को चुना। कार्यक्रम की शुरुआत से पहले सभी नेताओं ने आंबेडकर की प्रतिमा को पुष्पांजलि अर्पित की।
अल्पसंख्यक की जगह भाषाई अल्पसंख्यक
बीते चुनाव में सभी अल्पसंख्यकों के सशक्तीकरण और सम्मान के साथ विकास के लिए प्रतिबद्धता जताई गई थी। इस बार इनकी जगह भाषाई अल्पसंख्यकों के भाषाओं के संरक्षण की बात कही गई है। तीन तलाक को दंडनीय अपराध बनाने को उपलब्धि के रूप में पेश करने के अलावा मुसलमान शब्द का कहीं इस्तेमाल नहीं हुआ है।
राम मंदिर की जगह रामायण उत्सव
राम मंदिर का निर्माण पूरा हो चुका है। बीते चुनाव में भाजपा का यह अहम वादा था। अब मंदिर निर्माण के बाद पार्टी ने भगवान राम की दक्षिण और दक्षिण पूर्व एशिया के देशों में मूर्त और अमूर्त विरासत का दस्तावेजीकरण करने और बढ़ाने की बात करते हुए दुनियाभर में रामायण उत्सव मनाने की बात कही है।
किसानों के लिए भी नया वादा...
बीते घोषणा पत्र में पार्टी का किसानों की आय को दोगुना करने का अहम वादा किया गया था। इस बार इसकी जगह किसानों के सशक्तिकरण ने ले ली है। तब 2022 तक आय को दोगुना करने का लक्ष्य हासिल करने की बात कही गई थी। इस बार एमएसपी में सटीक मूल्यांकन के जरिए बढ़ोत्तरी, तेजी से भुगतान, फसल बीमा योजना को और मजबूत बनाने की बात कही गई है।
इन मुद्दों पर भी आगे बढ़ेगी एनडीए
वैश्विक मैन्युफैक्चरिंग हब...भारत को प्रोडक्ट देश के रूप में विकसित करेंगे, औद्योगिक इन्फ्रास्ट्रक्चर का विकास करेंगे, एक जिला एक उत्पाद, रक्षा उत्पादों को बढ़ावा, भारत को वैश्विक एविएशन मैन्युफैक्चरिंग एवं एमआरओ हब बनाएंगे, 2030 तक भारत को वैश्विक इलेक्ट्रॉनिक मैन्युफैक्चरिंग हब के रूप में स्थापित करेंगे, भारत में सेमीकंडक्टर और चिप मैन्युफैक्चरिंग को बढ़ावा, बायो-मैन्युफैक्चरिंग हब स्थापित करेंगे
विश्वस्तरीय इन्फ्रास्ट्रक्चर
नई रेलवे पटरियों का निर्माण करेंगे, टिकट की उपलब्धता बढ़ाएंगे, कवच ट्रेन सुरक्षा प्रणाली का विस्तार, आधुनिक ट्रेनों के नेटवर्क का विस्तार, मेट्रो नेटवर्क का विस्तार, ट्रेनों से संबंधित सभी सेवाओं के लिए सुपर एप लॉन्च करेंगे, पीएम ग्राम सड़क योजना का विस्तार, सड़क सुरक्षा को और बढ़ाएंगे, एक्सप्रेसवे एवं रिंग रोड़ के नेटवर्क का विस्तार, इलेक्ट्रिक वाहन को बढ़ावा, हवाई कनेक्टिविटी को कई गुना बढ़ाएंगे, हवाईअड्डों का आधुनिकीकरण करेंगे, अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डों का विस्तार, इनलैंड वाटरवेज की क्षमता बढ़ाएंगे।
पड़ोसी पहले की नीति...
पड़ोसी प्रथम की नीति को बढ़ावा दे स्थिरता और समृद्धि सुनिश्चित करेंगे, भारत के व्यापार हितों को बढ़ावा देने के लिए आईएमईसी की स्थापना, प्रवासी भारतीयों को भारत के विकास और संवर्धन में सहभागी बनाएंगे, विश्वस्तर पर तिरुवल्लुवर सांस्कृतिक केंद्र की स्थापना, भारतीय डिजिटल पब्लिक इन्फ्रास्ट्रक्चर का दुनियाभर में विस्तार, योग और आयुर्वेद का दुनियाभर में विस्तार।
सुरक्षित भारत
आतंकवाद के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति, सैन्य कमानों का थिएटराइजेशन, सीमाओं पर मजबूत इन्फ्रास्ट्रक्चर का विकास, नशे के खिलाफ हमारी लड़ाई को और मजबूत करेंगे, न्याय संहिता को शीघ्र लागू करेंगे, वामपंथी उग्रवाद का खात्मा, सीएए का कार्यान्वयन, सशस्त्र बलों और केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों की क्षमताओं को बढ़ाएंगे, हिंद महासागर में भारत के हितों की रक्षा, डिजिटल संप्रभुता की रक्षा करेंगे।
स्वस्थ भारत, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा एम्स के नेटकर्व को मजबूत बनाएंगे, मेडिकल शिक्षा में सीटें बढ़ाएंगे, जनऔषधि केंद्रों का विस्तार, वैक्सीन अनुसंधान और उत्पादन में तेजी, उच्चशिक्षा के नए संस्थान स्थापित करेंगे, भविष्य के योग्य होंगे युवा, एक देश, एक छात्र आईडी लागू करेंगे, युवाओं को कौशल प्रशिक्षण।
खेल का विकास...
2036 में ओलंपिक खेलों की मेजबानी को आईओए को समर्थन, सेवानिवृत्त खिलाड़ियों के लिए व्यापक योजना, खेलों इंडिया के तहत पारंपरिक खेलों को शामिल करना, खेलों के उपकरणों की मैन्युफैक्चरिंग, स्पोर्ट्स स्टार्टअप।
विरासत भी विकास भी...
धार्मिक और सांस्कृतिक स्थलों का विकास, अयोध्या का सर्वांगीण विकास, भारतीय संस्कृति कोष की स्थापना, युगे युगीन भारत राष्ट्रीय संग्रहालय के निर्माण में तेजी लाएंगे।