भारत से गिफ्ट में मिले चार एमआई-25 हेलीकॉप्टरों पर अफगानिस्तान सेना ने धन्यवाद दिया है। लेकिन, उसे ऐसे ही और हेलीकॉप्टर की जरूरत है। अमेरिकी सेना के अफगानिस्तान में कमांडर जनरल जॉन निकलसन ने कहा कि अफगानिस्तान ने ऐसे ही और हेलीकॉप्टर मांगे हैं। उन्हें इसकी तत्काल जरूरत है। जब उन्हें ये हेलिकॉप्टर मिल जाएंगे, वह तुरंत ही लड़ाई में शामिल हो जाएंगे।
नई दिल्ली पहुंचे जनरल निकल्सन ने राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल, विदेश सचिव एस जयशंकर और सुरक्षा सलाहकार मोहन कुमार से मुलाकात की। सभी ने अफगानिस्तान में भारत-अमेरिका के सामुहिक सहयोग पर बात की। पत्रकारों से बात करते हुए उन्होंने कहा कि वह अफगानिस्तान वायु सेना में रसियन मेड एयरक्राफ्ट के लिए भारत की तरफ आशाभरी नजरों से देख रहे हैं।
उन्होंने आगे कहा कि वह अफगानिस्तान वायु सेना को सुरक्षा के महत्वपूर्ण घटक के रूप में बनाने की ओर देख रहे हैं। यह कई एयर फ्रेम में बनेगा। वहां कुछ हथियार पुराने रसियन मॉडल के हैं, जिन्हें नई टेक्नोलॉजी से जोड़ा गया है। उन्हें और एयरक्राफ्ट की जरूरत है और वे देख रहे हैं कि कैसे उन जरूरतों को पूरा कर सकते हैं।