देश में कोरोना महामारी की सबसे बुरी मार झेल रहे महाराष्ट्र पर अब चक्रवाती तूफान निसर्ग का खतरा मंडरा रहा है। इसे देखते हुए मुंबई स्थित बांद्रा-कुर्ला कांप्लेक्स (बीकेसी) में एमएमआरडीए ग्राउंड पर बना कोविड अस्पताल खाली करा दिया गया है। मंगलवार को यहां भर्ती 150 मरीजों को वर्ली कोरोना केयर सेंटर ले जाया गया। मुंबई महानगर प्रदेश विकास प्राधिकरण ने खुले मैदान में तंबू डालकर कोविड ओपन अस्पताल बनाया था। वहीं, तूफान से निपटने के लिए राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल (एनडीआरएफ) ने महाराष्ट्र और गुजरात में एहतियातन 33 टीमों को तैनात किया है।
गुजरात के तटवर्ती जिलों वलसाड और नवसारी के 47 गांवों से प्रशासन ने 20,000 से ज्यादा लोगों को हटाया है। मौसम विभाग के क्षेत्रीय निदेशक जयंत सरकार ने कहा, हो सकता है तूफान गुजरात से न टकराए, फिर भी तेज हवा और भारी बारिश के कारण तटवर्ती इलाकों को प्रभावित कर सकता है।
मौसम विभाग ने दिल्ली-एनसीआर और यूपी के कुछ इलाकों में मंगलवार शाम गरज के साथ बारिश का अनुमान जताया है। विभाग ने कहा, दिल्ली के अलावा यूपी के गाजियाबाद, मेरठ, मोदीनगर, शामली, बागपत और हरियाणा के करनाल, सोनीपत पानीपत में तेज आंधी और बारिश हो सकती है।