देश में कोरोना के टीके को बनाने की दौड़ में इस वक्त सीरम इंस्टीट्यूट ऑफ इंडिया भी शामिल हैं। कंपनी के सीईओ अदार पूनावाला ने दावा किया है कि वे जल्दी ही इसका टीका बना लेंगे और अधिक से अधिक लोगों के लिए उपलब्ध करवाएंगे। उन्होंने टीके की संख्या को लेकर ही स्वदेश फाउंडेशन के संस्थापक रोनी स्क्रूवाला द्वारा मजाकिया अंदाज में पूछे गए एक सवाल पर भी रोचक जवाब दिया।
स्क्रूवाला ने मजाकिया अंदाज में ट्वीट करते हुए पूनावाला से पूछा, 'चूँकि पारसी समुदाय विलुप्त होने की दौड़ में है, तो क्या जब कोविड-19 का टीका आएगा तब उसमें इस समुदाय के लिए कोई खास आरक्षण होगा?
स्क्रूवाला के इस ट्वीट का जवाब देते हुए पूनावाला ने भी मजेदार जवाब दिया, उन्होंने कहा कि वह एक दिन में ही इतने टीके बना देंगे कि पूरी दुनिया में रहने वाले पारसी समुदाय के लोग सुरक्षित हो जाएंगे।
पूनावाला के इस जवाब को सोशल मीडिया पर काफी लोगों ने पसंद किया और उनकी सोच की तारीफ भी की। बता दें कि स्क्रूवाला और पूनावाला दोनों ही पारसी समुदाय से आते हैं। वहीं दुनियाभर में इस समुदाय की बात करें तो उनकी आबादी सिर्फ कुछ लाख में है।
वैसे बात करें कंपनी द्वारा टीके के निर्माण की तो सीरम इंस्टीट्यूट ऑफ इंडिया ने ऑक्सफोर्ड यूनिवर्सिटी और एस्ट्राजेनेका द्वारा विकसित की गई कोविड-19 वैक्सीन के मानव परिक्षण के दूसरे और तीसरे चरण के ट्रायल के लिए डीसीजीआई से अनुमति मांगी है।
उधर सीईओ अदार पूनावाला ने कहा है कि वह एस्ट्राजेनेका के साथ मिलकर अगले एक साल में कोविशील्ड वैक्सीन की एक अरब खुराक बना लेंगे। पूनावाला ने कहा है कि हम एक व्यक्तिगत जोखिम पर कुछ लाख खुराक का उत्पादन शुरू करेंगे। अब तक परीक्षणों में जो सफलता मिली है उसके आधार पर हम इसे इस साल के अंत तक लॉन्च करने की उम्मीद कर रहे हैं। मेरा मानना है कि अगले साल की पहली तिमाही तक यह लोगों तक पहुंचना शुरू हो जाएगा।
कोविड-19 दवा की कीमत पर उन्होंने कहा कि हमारी कोशिश होगी कि हम इसे हजार रुपये से कम में लोगों तक पहुंचाएं।