बताया जा रहा है कि स्टोरिया फूड्स ने हाल ही में एक विज्ञापन रिलीज किया है, रिया फूड्स के चॉकलेट शेक प्रोडक्ट के लिए बने विज्ञापन में राहुल गांधी और सोनिया गांधी जैसे दिखने वाले दो किरदार हैं। इसमें कथित तौर पर कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी और सांसद राहुल गांधी का मजाक उड़ाया गया है। इसमें राहुल गांधी का किरदार निभाने वाला एक्टर आकर अपनी मम्मी से कहता है, ‘मम्मी मैं एक ऐसी मशीन बनाऊंगा, जिसमें इधर से घास डालेंगे, तो उधर से दूध निकलेगा।’ इसके जवाब में सोनिया गांधी किरदार में दिखाई देने वाली एक्ट्रेस कहती है कि उसे मशीन नहीं गाय कहते हैं। इसके बाद इस विज्ञापन में प्रोडक्ट की खासियत बताई गई है। इस विज्ञापन को राहुल गांधी के एक ओर से आलू डालो और दूसरी ओर से सोना निकलेगा जैसे बयान से जोड़कर देखा जा रहा है।
कांग्रेस कार्यकर्ताओं का कहना है कि इस तरह का वीडियो प्रधानमंत्री मोदी पर बनाने की हिम्मत इस कंपनी में नहीं है। राहुल गांधी और सोनिया गांधी का अपमान कांग्रेस कार्यकर्ता नहीं सहेंगे, लेकिन जवाब में सोशल मीडिया में इसपर जबरदस्त प्रतिक्रियाएं आ रही हैं और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बारे में कहा जा रहा है कि उन्होंने विरोध करके इस विज्ञापन की तरफ लोगों की उत्सुकता और बढ़ा दी।