तेलुगु अभिनेता अल्लू सिरीश ने हैदराबाद केहनुमान मंदिर में देर रात तक तेज आवाज में संगीत बजने की शिकायत की। उन्होंने कहा कि इससे बुजुर्गों, बच्चों और नौकरीपेशा लोगों को परेशानी हो रही है। वहीं, पुलिस ने इस मामले में कार्रवाई के निर्देश दिए।
तेलुगु एक्टर अल्लू सिरीश ने हैदराबाद पुलिस से शिकायत की है कि शहर के एक मंदिर में देर रात तक तेज आवाज में संगीत बजाया जा रहा है। तेलुगु सुपरस्टार अल्लू अर्जुन के भाई और मशहूर प्रोड्यूसर अल्लू अरविंद के बेटे सिरीश ने कहा कि तय डेसिबल (आवाज की सीमा) से ज्यादा तेज संगीत से बुज़ुर्गों और बच्चों को परेशानी हो रही है। उन्होंने पुलिस से इस मामले को देखने की अपील की।
विज्ञापन
Respected @hydcitypolice . I'm a resident of Aparna One, Shaikpet. For the last few days the Hanuman temple at Vinobha Nagar is playing loud music, beyond allowed decibels till night 2/3am. I complained the Film Nagar PS.
सिरीश ने एक्स पर क्या कहा?
रविवार रात एक्स पर एक पोस्ट में लिखा, 'हैदराबाद पुलिस मैं अपर्णा वन, शेखपेट का रहने वाला हूं। पिछले कुछ दिनों से विनोबा नगर स्थित हनुमान मंदिर में रात 2-3 बजे तक तय सीमा से ज्यादा तेज आवाज में संगीत बजाया जा रहा है। मैंने फिल्म नगर पुलिस स्टेशन में शिकायत की थी। उन्होंने हमसे 25 सितंबर तक इंतजार करने को कहा क्योंकि तब गणेश विसर्जन था। त्योहार खत्म हो गया है, लेकिन तेज संगीत बंद नहीं हुआ है।'
पुलिस से क्या अपील की?
उन्होंने आगे कहा, 'हमारी सोसाइटी में कई बुज़ुर्ग, बच्चे और नौकरीपेशा लोग इससे परेशान हैं। पहले भी कई बार शिकायतें कर चुके हैं, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। आपसे अनुरोध है कि कृपया इस मामले को देखें। धन्यवाद।' सिरीश ने अपनी पोस्ट में एक वीडियो भी शेयर किया। इस पोस्ट के बाद, हैदराबाद पुलिस ने कहा कि जरूरी कार्रवाई के लिए यह मामला फिल्म नगर के एसएचओ को सौंप दिया गया है।
बता दें कि जयपुर में रविवार को मंदिर में घुसकर पुजारी के साथ मारपीट करने का मामला सामने आया था। मंदिर में पूजा-अर्चना और धार्मिक अनुष्ठान चल रहा था। तेज आवाज में भजन बजाने पर पड़ोसी युवक पहुंचा। जिसके बाद दोनों के बीच विवाद हो गया।