कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (ईपीएफओ) के 5 करोड़ से ज्यादा खाताधारकों को जल्द ही अपने प्रोविडंट फंड की राशि का शेयर बाजार में निवेश बढ़ाने या घटाने का विकल्प मिल जाएगा। एक्सचेंज ट्रेड फंड (ईटीएफ) के जरिये वह ऐसा कर सकेंगे। अभी तक पीएफ राशि का निर्धारित 15 फीसदी हिस्सा ही शेयर बाजार में निवेश किया जाता है। फिलहाल ईपीएफओ के खाताधारकों के पास अपनी राशि के निवेश को लेकर निर्णय लेने का कोई विकल्प नहीं है।
ईपीएफओ की निर्णय लेने वाली शीर्ष संस्था सेंट्रल बोर्ड ऑफ ट्रस्टी (सीबीटी) की शुक्रवार को हुई बैठक में खाताधारकों को इस तरह का विकल्प देने की संभावनाओं को तलाशने पर फैसला हुआ। ताकि खाताधारक अपने शेयर बाजार में निवेश को तय सीमा से बढ़ा या घटा सकें।
वहीं, संस्था ईटीएफ में अपनी निवेश राशि का 15 प्रतिशत ही निवेश कर पाती है। ईपीएफओ ने अगस्त 2015 में निवेश करना शुरू किया था। वर्ष 2015-16 में निवेश की राशि में से 5 प्रतिशत का ही निवेश किया गया। 2016-17 में यह 10 और 2017-18 में यह 15 प्रतिशत रहा। ईपीएफओ ने 28 फरवरी तक 17.23 प्रतिशत के रिटर्न के साथ ईटीएफ में 41,967.51 करोड़ रुपये का निवेश कर रखा है।