महाराष्ट्र भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) ने निलंबित आईपीएस अधिकारी परम बीर सिंह को पुलिस निरीक्षक अनूप डांगे की शिकायत पर उनके खिलाफ शुरू की गई खुली जांच के संबंध में अपना बयान दर्ज करने के लिए तीसरी बार तलब किया है। एक वरिष्ठ अधिकारी ने गुरुवार को कहा कि मुंबई के पूर्व पुलिस आयुक्त को दो फरवरी को राज्य पुलिस की भ्रष्टाचार निरोधक एजेंसी के समक्ष पेश होने को कहा गया है।
पिछले महीने गृह विभाग द्वारा परम बीर सिंह खिलाफ कई जबरन वसूली के मामले दर्ज किए जाने के बाद उन्हें निलंबित कर दिया गया था। उन्हें पहले 10 जनवरी और 18 जनवरी को तलब किया गया था और दोनों ही मौकों पर वह एसीबी के सामने पेश नहीं हुए। परम बीर के वकील ने कोरोना वायरस महामारी की तीसरी लहर का हवाला देते हुए अपनी उपस्थिति के लिए और समय मांगा था और इस मामले से संबंधित एक याचिका सुप्रीम कोर्ट के समक्ष लंबित होने की बात कही थी।
परम बीर सिंह चाहते हैं कि उनके खिलाफ पुलिस द्वारा दर्ज मामले सीबीआई को ट्रांसफर किए जाएं। अधिकारी ने कहा कि जनवरी के मध्य में एसीबी की एक टीम सिंह के मुंबई आवास पर गई थी और एजेंसी के समक्ष पेश होने का नोटिस दिया था। मुंबई के पूर्व पुलिस प्रमुख के खिलाफ भ्रष्टाचार के आरोप लगाने वाले इंस्पेक्टर डांगे की शिकायत पर एसीबी, सिंह के खिलाफ खुली जांच कर रही है।
गैंगस्टर सुरेश पुजारी के खिलाफ रंगदारी का नया मामला दर्ज
मुंबई पुलिस ने गुरुवार को बताया कि एक व्यापारी की शिकायत पर गैंगस्टर सुरेश पुजारी के खिलाफ रंगदारी का नया मामला दर्ज किया गया है। एक अधिकारी ने बताया कि गोरेगांव पुलिस थाने में केस दर्ज किया गया है। अधिकारी ने कहा कि गैंगस्टर रवि पुजारी के एक समय के सहयोगी सुरेश पुजारी को पिछले साल फिलीपींस से भारत लाया गया था, लेकिन शिकायतकर्ता ने हाल ही में पुलिस से संपर्क किया। शिकायत के अनुसार, पुजारी ने व्यवसायी को फोन किया और 50 लाख रुपये की मांग की थी। पैसा नहीं देने पर गंभीर परिणाम भुगतने की चेतावनी दी थी।
गैंगस्टर गुरु साटम के खिलाफ रंगदारी वसूली का मामला दर्ज
वहीं, पुलिस ने गुरुवार को बताया कि एक रियल एस्टेट डेवलपर की शिकायत पर गैंगस्टर गुरु साटम के खिलाफ रंगदारी वसूली का मामला दर्ज किया गया है। एक अधिकारी ने कहा कि बिल्डर ने मध्य मुंबई के माहिम पुलिस थाने में अपनी शिकायत में कहा कि उसे हाल ही में एक अंतरराष्ट्रीय नंबर से फोन आया और फोन करने वाले ने खुद को साटम बताया और उससे एक फ्लैट और पांच करोड़ रुपये नकद की मांग की। अधिकारी ने बताया कि शिकायत के आधार पर मंगलवार देर शाम गैंगस्टर के खिलाफ रंगदारी के आरोप में केस दर्ज किया गया है। इस मामले की जांच मुंबई पुलिस की जबरन वसूली रोधी प्रकोष्ठ द्वारा की जा रही है।
पूर्व गृह मंत्री ने जमानत याचिका दायर की
महाराष्ट्र के पूर्व गृह मंत्री अनिल देशमुख ने मनी लॉन्ड्रिंग मामले में विशेष पीएमएलए अदालत में जमानत याचिका दायर की। उनकी अर्जी पर 3 फरवरी को सुनवाई होगी। देशमुख मुंबई के आर्थर रोड जेल में बंद हैं।