तृणमूल कांग्रेस के महासचिव और सांसद अभिषेक बनर्जी ने शनिवार को कहा कि मेघालय में सत्तारूढ़ नेशनल पीपुल्स पार्टी (एनपीपी) और उसकी सहयोगी यूनाइटेड डेमोक्रेटिक पार्टी (यूडीपी) ने पिछले पांच साल में राज्य की जनता को बेवकूफ बनाया है।
शिलांग के पास मीलियम में एक चुनावी सभा को संबोधित करते हुए बनर्जी ने लोगों से अपील की कि 27 फरवरी को होने वाले विधानसभा चुनाव में तृणमूल कांग्रेस को वोट करें, क्योंकि यदि लोग ऐसा करेंगे तो पूर्वोत्तर के इस राज्य को नई ऊंचाइयों पर पहुंचाने में मदद मिलेगी।
उन्होंने कहा कि एनपीपी और यूडीपी ने पांच साल तक काम किया और जनता को बेवकूफ बनाया। बनर्जी ने लोगों से अपील की, इस 27 तारीख को आपको उन्हें बेवकूफ बनाना चाहिए। तृणमूल कांग्रेस राज्य में 60 विधानसभा सीटों में से 58 पर चुनाव लड़ रही है।
बनर्जी ने मुख्यमंत्री कोनराड के संगमा के नेतृत्व वाले सत्तारूढ़ गठबंधन पर निशाना साधते हुए कहा कि सत्तारूढ़ एनपीपी के लिए प्रत्येक वोट भाजपा का वोट है। यूडीपी के लिए हर वोट भाजपा का वोट है। यह बात दिमाग में रखिए। उन्होंने पिछले साल नवंबर में मुकरोह में हुई गोलीबारी की घटना का भी जिक्र किया और कहा कि कोनराड संगमा सरकार ने पीड़ितों के लिए कुछ नहीं किया।
बनर्जी ने कहा कि मेघालय सरकार ने असम पुलिस को नोटिस भी जारी नहीं किया। यदि पश्चिम बंगाल की अंतरराज्यीय सीमा पर ऐसी हिंसा होती, तो मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने इसे अंजाम देने वालों को उनकी भाषा में ही जवाब दिया होता।
मुकरोह में मेघालय के पांच आदिवासी ग्रामीणों की 22 नवंबर, 2022 को असम पुलिस की गोली लगने से मृत्यु हो गई थी। असम के वन सुरक्षा कर्मियों ने अवैध लकड़ी ले जाने के शक में मेघालय के एक वाहन को रोक लिया था, जिसके बाद विवाद बढ़ गया था।
मेघालय में सरकार बनने पर भ्रष्टाचारियों को भेजेंगे जेल: अभिषेक
अभिषेक बनर्जी ने कहा कि भ्रष्टाचार के प्रति तृणमूल की नीति जीरो टॉलरेंस की है। उन्होंने कहा, अगर मेघालय में तृणमूल कांग्रेस की सरकार बनी तो भ्रष्टाचारियों को जेल भेजेंगे। साथ ही कहा कि मैं गृह मंत्री अमित शाह को चुनौती देता हूं कि अगर हिम्मत है तो वे मुख्यमंत्री कॉरनाड संगमा पर कार्रवाई करके दिखाएं। तृणमूल नेता ने आरोप लगाया कि भाजपा भ्रष्टाचार के मामलों में सीएम पर कार्रवाई नहीं करेगी, क्योंकि सारा पैसा दिल्ली चला गया।
बता दें कि गुरुवार को गृह मंत्री ने मेघालय की एक चुनावी रैली में कहा था कि राज्य में सबसे ज्यादा भ्रष्टाचार है। अभिषेक ने शनिवार को कहा कि मेघालय के फैसले गुवाहाटी और दिल्ली में बैठे लोग लेते हैं। यहां ऐसी सरकार चाहिए, जो यहां के लोगों के हिसाब से फैसले ले सके।
‘टीएमसी यानी टी से टेंपल, एम से मॉस्क और सी से चर्च’
अभिषेक बनर्जी ने कहा कि हमारी पार्टी धर्म निरपेक्ष है। हम सभी धर्मों का सम्मान करते हैं। हम किसी जाति या धर्म के लिए काम नहीं करते हैं। उन्होंने टीएमसी का मतलब समझाते हुए कहा, टी मतलब टेंपल, एम मतलब मॉस्क और सी मतलब चर्च। यानि तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) ही सभी वर्गोंं को साथ लेकर चलने वाली पार्टी है। हम इस बार मेघालय में पूर्ण बहुमत की सरकार बनाएंगे।