आम आदमी पार्टी ने पंजाब की कैप्टन सरकार पर भ्रष्ट मंत्रियों व अधिकरियों को बचाने का आरोप लगाया है। आप नेता हरपाल सिंह चीमा ने कहा कि दलित छात्रों का वजीफा हड़पकर कैप्टन सरकार के मंत्री ने बता दिया है कि सरकार की नजर में दलित वर्ग की क्या अहमियत है। अगर सरकार दलित वर्ग के प्रति जरा-भी संवेदनशील है तो उसे वजीफा घोटाला की सही से जांच कराकर इसके अपराधी मंत्री और अधिकारियों को तुरंत जेल भेजना चाहिए। लेकिन पंजाब सरकार उलटे इन्हीं अपराधियों को बचाने का काम कर रही है।
हरपाल सिंह चीमा ने कहा कि वजीफा बच्चों को आगे बढ़ाने का काम करता है। यह उन्हें अपने भविष्य को सुंदर बनाने के लिए आगे बढ़ने के अवसर को हासिल करने के लिए दिया जाता है। पंजाब सरकार के एक मंत्री और कुछ अधिकारियों की मिलीभगत से बच्चों के इस हक को भी मार लिया गया। इससे उनका भविष्य अंधकार में पड़ गया है। उन्होंने इस मामले की जांच रिपोर्ट तत्काल केंद्र सरकार को भेजने की मांग की।
हरपाल सिंह चीमा ने कहा कि केंद्र सरकार पोस्ट मैट्रिक वजीफा घोटाले की जांच किसी केंद्रीय एजेंसी से करवाए और दलित विद्यार्थियों के भविष्य के साथ खिलवाड़ करने वाले मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह, मंत्री साधु सिंह धर्मसोत और मनप्रीत बादल और आधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्यवाही करे।