अरुणाचल प्रदेश की राजधानी ईटानगर के पास होलोंगी ग्रीनफील्ड हवाईअड्डा 15 अगस्त से परिचालन के लिए तैयार है, जिसकी पहली उड़ान परीक्षण लैंडिंग मंगलवार को भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण (एएआई) द्वारा की गई। हिंदुस्तान एयरोनॉटिक्स लिमिटेड द्वारा निर्मित एक डोर्नियर विमान सुबह करीब 10.30 बजे हवाई अड्डे पर उतरा। राज्य के नागरिक उड्डयन मंत्री नाकप नालो ने कहा कि पायलटों ने परीक्षण लैंडिंग के बाद हवाई अड्डे पर रनवे और अन्य बुनियादी ढांचे की सराहना की।
होलोंगी ईटानगर से लगभग 15 किमी दूर है। अभी राज्य की राजधानी के आस-पास कोई हवाई अड्डा नहीं है, सबसे नजदीकी असम के उत्तरी लखीमपुर जिले में लीलाबाड़ी हवाई अड्डा है, जो यहां से 80 किमी की दूरी पर है। नालो ने ट्वीट किया- एएआई की पहली उड़ान परीक्षण लैंडिंग आज होलोंगी ग्रीनफील्ड हवाई अड्डे पर की गई। जैसा कि वादा किया गया था, हमने समय सीमा से पहले होलोंगी हवाई अड्डे को पूरा कर लिया है। यह 15 अगस्त 2022 को चालू हो जाएगा और यात्रियों के लिए उपलब्ध होगा।
645 करोड़ रुपये की लागत
एएआई द्वारा 645 करोड़ रुपये की अनुमानित लागत के साथ विकसित होलोंगी हवाई अड्डा व्यस्त समय के दौरान 200 यात्रियों को समायोजित कर सकता है। इसमें आठ चेक-इन काउंटर हैं। मुख्यमंत्री पेमा खांडू ने एक ट्विटर पोस्ट में कहा- अरुणाचल प्रदेश की ऊंची उड़ान! हम सभी के लिए गर्व का क्षण है क्योंकि हमने एएआई द्वारा पहली उड़ान परीक्षण लैंडिंग के साथ होलोंगी ग्रीनफील्ड हवाई अड्डे के संचालन के अपने प्रयासों में एक और मील का पत्थर पार किया है। माननीय प्रधानमंत्री @narendramodi जी और माननीय मंत्री @JM_Scindia जी को धन्यवाद। इससे पहले इस परियोजना को पूरा करने का लक्ष्य इस साल नवंबर में थी। बाद में इसे बढ़ाकर अगस्त कर दिया गया।
एक बार चालू होने के बाद 2,300 मीटर के रनवे के साथ ये हवाईअड्डा राज्य में पहला होगा, जहां सबसे बड़े यात्री विमानों में से एक बोइंग 747 का लैंडिंग और टेक-ऑफ होगा। 4,100 वर्गमीटर के क्षेत्र के साथ हवाईअड्डा यात्रियों के लिए सभी आधुनिक सुविधाओं से लैस होगा। टर्मिनल एक ऊर्जा आधारित इमारत होगी जिसमें वर्षा जल संचयन प्रणाली और टिकाऊ परिदृश्य होगा।