महाराष्ट्र के पालघर जिले में एक कारखाने की दीवार गिरने से एक मजदूर की मौत हो गई। घटना बुधवार की है, जब दीवार का मलबा परिसर में काम कर रहे 38 वर्षीय संतोष पाटिल के ऊपर गिर गया।मौके पर ही मजदूर ने दम तोड़ दिया। बाद में परिजनों ने मुआवजे की मांग करते हुए तोड़फोड़ व हंगामा किया।लोगों ने सड़क भी जाम किया। मुआवजा के आश्वासन पर लोग शांत हुए। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है।
पालघर जिला पुलिस के एक अधिकारी ने गुरुवार को बताया कि बुधवार को वाडा तालुका के नारे गांव में एक निजी कंपनी के जिप्सम कारखाने की साइट पर घटना हुई, जब वहां तैनात एक जेसीबी मशीन ने गलती से दीवार में टक्कर मार दी।
कंपनी के कार्यालय में भी तोड़फोड़ की
पुलिस अधिकारी ने बताया कि मृतक के परिजन और अन्य ग्रामीणों ने भिवंडी-वाडा मार्ग जाम कर दिया और शव लेने से इंकार कर दिया। परिजन कंपनी प्रबंधन पर लापरवाही का मामला दर्ज करने और कर्मचारी की मौत के लिए मुआवजा देने की मांग कर रहे थे। परिजनों ने कंपनी के कार्यालय में भी तोड़फोड़ की और सुरक्षा गार्ड के केबिन को क्षतिग्रस्त कर दिया। अधिकारी ने बताया कि वाडा पुलिस के हस्तक्षेप के बाद कंपनी प्रबंधन मुआवजा देने के लिए सहमत हो गया। पुलिस ने बाद में दुर्घटना से मौत का मामला दर्ज कर लिया।