कर्नाटक विधानसभा चुनाव के नतीजे को जानने के लिए सभी नेता अपनी-अपनी पार्टियों के कार्यालय पर एकजुट हो गए हैं। इसी बीच, कर्नाटक के शिग्गांव में बने भाजपा कार्यालय में अचानक से हलचल मच गई। दरअसल, एक सांप भाजपा के कैंप कार्यालय परिसर में घुस आया, जिससे वहां मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। हालांकि, बाद में सांप को पकड़कर दूर छुड़वा दिया गया।
शिग्गांव निर्वाचन क्षेत्र में कर्नाटक के मुख्यमंत्री बसवराज बोम्मई चौथी बार चुनाव लड़ रहे हैं। आज वोटों की गिनती की जा रही है। नतीजे को जानने के लिए सीएम सहित कई समर्थक भाजपा के कैंप कार्यालय में मौजूद थे, तभी वहां एक सांप घुस आया और अफरा-तफरी मच गई। बाद में, लोगों की मदद से पुलिस ने सांप को सुरक्षित बचा लिया।
कर्नाटक विधानसभा की हावेरी जिला अंतर्गत शिग्गांव विधानसभा सीट सबसे हॉट और खास मानी जा रही है। इस सीट पर कर्नाटक के मुख्यमंत्री चौथी बार चुनावी मैदान में उतरे हैं। इस सीट पर थोड़ी देर में चुनाव परिणाम घोषित होने वाले हैं।
बताते चलें कि बसवराज भाजपा के टिकट पर लगातार चौथी बार चुनाव लड़ रहे हैं। सीएम बसवराज बोम्मई 2008 से लगातार 3 चुनाव जीतकर हैट्रिक लगा चुके हैं। इस बार सीएम यहां से चौका लगाएंगे या फिर कांग्रेस और जेडीएस कोई उलटफेर करेंगे। चुनाव परिणामों के बाद सब स्थिति साफ हो जाएगी।