कर्नाटक के डिप्टी सीएम डीके शिवकुमार ने मंगलवार को कहा कि अमेरिकी चुनाव प्रक्रिया और जिस तरीके से चुनावी रैलियां आयोजित की जाती है, उससे बहुत कुछ सीखने की जरूरत है। बता दें कि कर्नाटक कांग्रेस अध्यक्ष डीके शिवकुमार मंगलवार को ही अपने 10 दिवसीय अमेरिका दौरे से वापस लौटे हैं।
ये एक निजी दौरा था- डीके शिवकुमार
वहीं अपने अमेरिकी दौरे के बारे में बताते हुए डीके शिवकुमार ने कहा- ये एक निजी दौरा था और इस दौरान उन्होंने वहां किसी राजनीतिक नेताओं से मुलाकात नहीं की। उन्होंने कहा, मेरी यात्रा निजी थी, सरकारी नहीं, मैं अपने परिवार के साथ कुछ निजी काम से गया था। कुछ लोगों की तरफ से उनकी यात्रा को पांच नवंबर को होने वाले अमेरिकी राष्ट्रपति चुनाव से जोड़े जाने के बारे में पूछे जाने पर उन्होंने कहा, ये सभी बातें झूठी हैं, मैं जहां गया था, वहां चुनावी रैली चल रही थी, मैं यह देखने गया था कि वहां चीजें कैसे होती हैं, मैं किसी से नहीं मिला।
अमेरिकी चुनाव प्रक्रिया की तारीफ में पढ़े कसीदे
इस दौरान उन्होंने कहा, हमें बहुत कुछ सीखना है, वहां का जुनून, युवा, रुचि, चुनाव प्रक्रिया - ये सभी चीजें, बहुत कुछ सीखना है, मैं इसके बारे में फिर कभी बात करूंगा। वहीं डीके शिवकुमार ने अमेरिका में कांग्रेस नेता राहुल गांधी से अपनी मुलाकात के बारे में पूछे गए सवाल का जवाब देते हुए कहा कि उन्हें अपने पार्टी नेता से मिलने के लिए किसी की अनुमति लेने की जरूरत नहीं है और बैठक में जो कुछ हुआ, वह सार्वजनिक रूप से बताने के लिए नहीं है।
बता दें कि अमेरिका में डीके शिवकुमार की पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी से मुलाकात को कर्नाटक में मुख्यमंत्री बदलने की संभावना से जोड़ा जा रहा है। जबकि डीके शिवकुमार ने पहले भी मुख्यमंत्री बनने की अपनी महत्वाकांक्षा को छुपाया नहीं है।
मंगलुरु में हिंसा और तनाव को लेकर बोले डिप्टी सीएम
वहीं मंड्या जिले के नागमंगला और दक्षिण कन्नड़ जिले के मंगलुरु में हिंसा और तनाव के बारे में पूछे गए सवाल पर उन्होंने कहा कि सरकार और पुलिस ने स्थिति को नियंत्रण में लाने के लिए तत्काल कार्रवाई की है और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने विपक्षी भाजपा और जेडी(एस) पर कटाक्ष करते हुए कहा, जो लोग राजनीति करना चाहते हैं, वे करें, हम इसकी परवाह नहीं करेंगे।