केरल में आई बाढ़ ने राज्य को लगभग 21 हजार करोड़ रुपए का नुकसान पहुंचाया है। ऐसे में राज्य की मदद करने के लिए बहुत से लोगों ने अपना हाथ बढ़ाया है। इसमें आम से लेकर खास तक शामिल हैं। इसी बीच 9 साल की एक बच्ची ने मानवता की ऐसी मिसाल पेश की है जिससे सभी को उसपर गर्व होगा। दरअसल, तमिलनाडु की रहने वाली नौ साल की इस बच्ची ने साइकल खरीदने के लिए चार साल तक जमा की गई राशि को राहत कार्यों के लिए दान कर दिया।
बच्ची के इस कदम से द्रवित साइकिल बनाने वाली एक प्रमुख कंपनी ने उसे उसके सपनों की
साइकिल तोहफे में देने का वादा किया है। राज्य के विल्लुपुरम क्षेत्र की अनुप्रिया ने टीवी पर केरल की तबाही देखने के बाद चार साल तक जमा की गई 9,000 रुपये की अपनी बचत को दान करने का फैसला किया। उसने संवाददाताओं को बताया, 'मैंने एक साइकिल खरीदने के लिए पिछले चार सालों से पैसे (करीब 9,000 रुपये) जमा किए थे। लेकिन मैंने टीवी पर केरल बाढ़ के दृश्य देखे और राशि दान करने का फैसला किया।'
मदद के लिए हाथ बढ़ाने वाली अनुप्रिया ने कई लोगों का दिल जीत लिया और हीरो साइकिल्स ने इस बात पर खास तौर पर गौर किया। हीरो साइकिल्स ने अपने आधिकारिक ट्विटर अकाउंट पर 'मानवता के समर्थन के उसके भाव’ की प्रशंसा की और कहा कि उसे उनकी तरफ से एकदम नई साइकिल मिलेगी।
हीरो मोटर्स कंपनी के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक पंकज एम मुंजाल ने अनुप्रिया को एक 'नेक इंसान' बताया और उसे हर साल एक नई साइकिल देने का आश्वासन दिया। केरल से कांग्रेस के सासंद शशि थरूर ने कंपनी के रवैये का स्वागत किया।