देश में कोरोना के नए मामलों में लगातार उतार-चढ़ाव आ रहा है। बीते 24 घंटे में 9,531 नए संक्रमित मिले। वहीं, सक्रिय केस भी एक लाख से कम हो गए हैं। 24 घंटे में 26 लोगों की कोरोना से मौत हुई है। इनमें केरल में पूर्व में हुई 10 मौतें शामिल हैं, जिन्हें अब जोड़ा गया है।
सोमवार सुबह अपडेट आंकड़ों के अनुसार पिछले 24 घंटे में सक्रिय केस घटकर 97,648 हो गए हैं। रविवार को देश में 11,539 नए मरीज सामने आए थे और सक्रिय केस घटकर 99,879 रह गए थे। शनिवार को देश में 13,272 नए कोरोना संक्रमित मिले थे। इस तरह बीते तीन दिनों से इनमें लगातार कमी आ रही है।
24 घंटे में कहां कितनी मौतें
बीते 24 घंटे में हुई 26 मौतों में से चार-चार राजस्थान, पश्चिम बंगाल में, यूपी, पंजाब, हरियाणा, महाराष्ट्र, मणिपुर, कर्नाटक व हिमाचल प्रदेश में हुई दो-दो मौतें शामिल हैं।
देश में कोरोना एक नजर में
- बीते 24 घंटे में नए केस 9,531
- अब कुल केस बढ़कर 4,43,48,960
- फिलहाल कुल सक्रिय केस 97,648
- 24 घंटे में मौतें 26, कुल मृतक 5,27,368
- कुल केस में सक्रिय केस की संख्या 0.22 फीसदी
- कोविड से ठीक होने की रिकवरी रेट 98.59
- फीसदी
- दैनिक संक्रमण दर 4.15 फीसदी
- अब तक कुल टेस्ट 88.27 करोड़
- महामारी से अब तक 4,37,23,944 ठीक हुए
- कुल 210 करोड़ टीकों की खुराक लगी
अमेरिका में संक्रमण बढ़ाने वाला भारत में बीए.5 कमजोर पड़ा : इन्साकॉग
अमेरिका में संक्रमण बढ़ाने वाला कोरोना वायरस का बीए.5 स्वरूप भारत में कमजोर पड़ चुका है। जीनोम सीक्वेंसिंग से वायरस के परिवर्तन पर निगरानी रखने वाले इन्साकॉग ने इसकी आधिकारिक तौर पर पुष्टि की है। बीए.5 छह महीने से भारतीय कोरोना संक्रमित मरीजों में मिल रहा था, लेकिन पिछले 30 दिन में इसकी मौजूदगी न के बराबर है। इन्साकॉग से जुड़े पुणे मेडिकल कॉलेज के डीन डॉ. राजेश ने सोशल मीडिया पर लिखा, 'बाय-बाय बीए.5।' उन्होंने बताया, बीए.5 का स्थान बीए.2.75 ने ले लिया है।
ऐसे हो रहा है लुप्त
इन्साकॉग वेबसाइट के अनुसार, इस साल फरवरी से लेकर अप्रैल माह के बीच ओमिक्रॉन के बीए.5 वैरिएंट के मामले सबसे ज्यादा दर्ज किए जा रहे थे लेकिन इसके बाद लगातार गिरावट देखने को मिली है। बीते सप्ताह देश में 15 फीसदी मरीजों में बीए.5 वैरिएंट, 6.5 फीसदी में बीए.2.38, 5.4 फीसदी में बीए.2 और बीए.2.10 स्वरूप मिला है। 60 फीसदी से अधिक में बीए.2.75 मिला।