यूपी बोर्ड की हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट परीक्षा 2017 के लिए हुए ऑनलाइन आवेदन में अबकी बार 2016 की अपेक्षा लगभग आठ लाख आवेदन कम हो गए। 22 सितंबर को ऑनलाइन प्रक्रिया के अंतिम दिन तक हाईस्कूल के 3404853 एवं इंटरमीडिएट के 2625680 छात्रों ने आवेदन किया। इस प्रकार कुल मिलाकर 6059533 छात्रों ने आवेदन किया। यह 2016 के कुल छात्रों 6821495 से लगभग 7.62 लाख कम है।
यूपी बोर्ड की सचिव शैल यादव ने बताया कि बोर्ड की ओर से अबकी बार साफ्टवेयर को अपडेट किए जाने के बाद स्कूल वाले बोगस परीक्षार्थियों को शामिल करवाने में सफल नहीं हो सके। इसी कारण से परीक्षार्थियों की संख्या में कमी आई है। उन्होंने बताया कि इस बार साफ्टवेयर को इस प्रकार से अपडेट किया गया था कि पुराने पंजीकृत बोगस छात्र आवेदन नहीं कर सके।
यूपी बोर्ड की ओर से पहले हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट के लिए परीक्षा फार्म ऑनलाइन भरने की अंतिम तिथि 10 अगस्त थी, इस अवधि में प्रदेश भर में बाढ़ होने के कारण शासन की ओर से आवेदन की तिथि 22 सितंबर तक बढ़ा दी गई थी। 10 अगस्त तक बोर्ड के पास हाईस्कूल के 33.93 एवं इंटरमीडिएट के 26.06 कुल मिलाकर 59.99 लाख छात्रों ने फार्म भरा था, अबकी बार तिथि बढ़ाने केबाद लगभग 60 हजार नए छात्रों ने फार्म भरा है।