
केरल के चार जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी
कई हिस्सों में भारी बारिश के बीच आईएमडी ने रविवार को केरल के चार जिलों में दिनभर के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया। आईएमडी ने शाम 4 बजे उत्तरी केरल के जिलों कोझीकोड, वायनाड, कन्नूर और कासरगोड में दिन के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया। आईएमडी ने तिरुवनंतपुरम और कोल्लम को छोड़कर शेष सभी जिलों के लिए येलो अलर्ट भी जारी किया है।
रेड अलर्ट, ऑरेंज अलर्ट और येलो अलर्ट में अंतर
रेड अलर्ट, 24 घंटे की अवधि में 20 सेमी से अधिक की भारी से अत्यधिक भारी बारिश का संकेत देता है, जबकि ऑरेंज अलर्ट का मतलब 6 सेमी से 20 सेमी बारिश के बीच बहुत भारी बारिश है। येलो अलर्ट का मतलब 6 से 11 सेंटीमीटर के बीच भारी बारिश है।
आईएमडी ने आगे कहा कि अगले पांच दिनों में दक्षिणी राज्य केरल में भारी बारिश की संभावना है और 10, 13 और 14 जुलाई को भारी से बहुत भारी बारिश की भविष्यवाणी की गई है।
राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के अनुसार, 3 से 7 जुलाई के बीच पूरे केरल में बारिश से संबंधित घटनाओं में छह लोगों की जान चली गई और कई घर क्षतिग्रस्त हो गए।
असम में बाढ़ से दो और लोगों की मौत
असम में बाढ़ की स्थिति में काफी सुधार होने के बावजूद रविवार को दो और लोगों की मौत हो गई। असम राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (एएसडीएमए) बुलेटिन के अनुसार, दोनों मौतें हैलाकांडी जिले में हुईं। इस साल बाढ़ और भूस्खलन में जान गंवाने वालों की संख्या 192 हो गई। अभी भी 12 जिलों में 5,39,334 लोग बाढ़ से पीड़ित हैं। 18 राजस्व मंडलों के कुल 390 गांव जलमग्न हैं।