घाघरा नदी के उस पार से शनिवार को लोगों को लेकर बरहज आ रहे स्टीमर का ईंधन (डीजल) बीच धारा में ही खत्म हो गया। जिससे अनियंत्रित स्टीमर धारा के साथ बहने लगा और करीब एक किलोमीटर दूर मऊ जिले के जरलहवा तट तक पहुंच गया।
यह देख उस पर सवार 65 लोग भय से सिहर उठे। सूचना पाकर कर्मचारी दूसरे स्टीमर से ईंधन लेकर पहुंचे और मशक्कत के बाद स्टीमर को चालू कर कुटी घाट पर लाए। तब लोगों की जान में जान आई।
प्रशासन ने बरहज में घाघरा नदी के घाट पर ठेके पर स्टीमर चलाने का ठेका दे रखा है।
नदी के उस पार परसिया देवार तट से शनिवार को दिन में करीब दो बजे स्टीमर लोगों को लेकर बरहज के कुटी घाट के लिए रवाना हुआ। स्टीमर पर 65 लोग सवार थे जिनमें 25 पुरूष, 20 महिलाएं, 10 बच्चे थे। इसके अलावा छह बाइक और आठ साइकिलें भी लदी थीं। बीच घारा में पहुंचने पर स्टीमर में ईंधन खत्म होने से इंजन बंद हो गया।