सरकार को विदेश से मिलने वाले चंदे की जानकारी नहीं दे रहे करीब 6000 गैरसरकारी संगठनों (एनजीओ) का लाइसेंस खतरे में पड़ सकता है। इन एनजीओ ने केंद्रीय गृह मंत्रालय की ओर से आय व्यय का ब्योरा देने संबंधी नोटिस मिलने के बावजूद कोई सूचना नहीं दी, जिसके बाद मंत्रालय ने इन्हें कारण बताओ नोटिस जारी किया है।
मंत्रालय ने 8 जुलाई को कारण बताओ नोटिस जारी किया और 23 जुलाई तक इस पर जवाब मांगा है। नोटिस में इन एनजीओ से पिछले पांच साल के आय व्यय का ब्योरा नहीं देने के बारे में पूछा गया है। इस साल मई में मंत्रालय द्वारा 18523 एनजीओ को नोटिस जारी कर 14 जून तक देश और विदेश से मिल रही मदद और उनके व्यय का ब्योरा देने को कहा गया था।
मंत्रालय द्वारा जारी निर्देश में कहा गया है कि नियम के अनुसार विदेशी सहायता प्राप्त कर रहे एनजीओ को विदेशी अंशदान (विनियमन) अधिनियम या एफसीआरए के तहत पंजीकरण कराना, एक ही बैंक खाते में विदेशी सहायता प्राप्त करना और इस खाते को प्रमाणित कराना अनिवार्य होता है।