मथुरा के जवाहर बाग में हिंसा के बाद गिरफ्तार हुईं 61 महिलाओं और 52 बच्चों को किशोर सदन से रिहा कर दिया गया। बता दें, जवाहर बाग हिंसा के बाद गिरफ्तार 96 महिलाओं और 73 बच्चों को मथुरा से एटा जिला कारागार के किशोर सदन में शिफ्ट कर दिया गया था।
इनमें से 14 बुजुर्ग महिला बंदियों को मथुरा वृद्ध सदन भेज दिया गया था। 21 महिलाओं और 22 बच्चों को उनके रिश्तेदर और परिवारीजन जमानत कराकर अपने साथ ले गए। बाकी महिला बंदियों के परिवारीजन गिरफ्तारी के डर से सामने नहीं आ रहे थे।
जेल प्रशासन ने खुद पहल की और बंदियों के परिवारीजनों के फोन नंबर जुटा कर संपर्क साधा और उन्हें बुलाया। उन्हें जमानत के लिए तैयार किया। इसके बाद मथुरा एसडीएम कोर्ट से इनकी जमानत कराई।
जेलर पीके सिंह और किशोर सदन की विशेष प्रभारी करुणेश कुमारी ने बताया कि शनिवार देर रात बाकी बची 61 महिला बंदियों और 52 बच्चों की जमानत आदेश मिलने के बाद शनिवार सुबह सभी को किशोर सदन से रिहा कर दिया गया।
महिला बंदियों और बच्चों के रिहा होने से जिला कारागार प्रशासन ने राहत की सांस ली है। रिहा होने वाली महिला बंदियों में पांच बिहार, छह मध्यप्रदेश और 50 महिलाएं उत्तर प्रदेश के अलग-अलग जिलों की रहने वाली हैं।