हैदराबाद के डुंडिगल की एयर फोर्स अकादमी में शॉर्पशूटर नवाब शपथ अली खान और उनकी टीम ने 50 जंगली सुअरों को मार गिराया। यह ऑपरेशन शनिवार रात से शुरू किया गया था जोकि रविवार तक चला। तेलंगाना के वन विभाग ने खान को निर्देश दिये थे कि इन जंगली सुअरों पर काबू पाया जाये जोकि यहां की घास और हरियाली को नष्ट कर रहे हैं।
ये जंगली सुअर ट्रेनी और एयरक्राफ्ट के लिए खतरा भी बन रहे थे। जंगली सुअरों को मारने के ऑर्डर देने वाले वन अधिकारी वी वेंकटेश्वार राव ने कहा कि एयर फोर्स अकादमी अथॉरिटी ने 11 अप्रैल को यह सूचना दी थी कि जंगली सुअर कैंप में ट्रेनी पर हमला कर रहे हैं और जेट प्लेन के लिए खतरा पैदा कर रहे हैं।
आपको बता दें कि यह कैंपस 1500 एकड़ में फैला है और इसमें घना जंगल भी है। इसलिए हमने शूटर्स को इन्हें मारने का आदेश दिया।