शीत सत्र में लोकसभा की कार्यवाही में शामिल नहीं हुए आठ सदस्य
संसद के शीतकालीन सत्र के दौरान लोकसभा के आठ सदस्य सदन की कार्यवाही में शामिल नहीं हुए। इन सदस्यों ने विवाह, बीमारी और जेल में बंद होने के कारणों का हवाला देते हुए सदन से अनुपस्थित रहने की अनुमति मांगी थी। सिक्किम क्रांतिकारी मोर्चा की इंद्रा हांग सुब्बा ने विवाह के चलते पूरी कार्यवाही से अवकाश मांगा था।
वहीं, समाजवादी पार्टी (सपा) के मोहम्मद आजम खान और बहुजन समाज पार्टी (बसपा) के अतुल कुमार सिंह ने जेल में बंद होने के कारण का हवाला देते हुए छुट्टी मांगी थी। पूर्व केंद्रीय मंत्री रमेश पोखरियाल और संजय धोत्रे, तृणमूल कांग्रेस के शिशिर कुमार अधिकारी और भाजपा के वी श्रीनिवास स्वास्थ्य कारणों से छुट्टी की मांग की थी।
भाजपा के विजय बघेल ने विधानसभा क्षेत्र में चुनाव की बात कहते हुए अवकाश मांगा था। अतुल कुमार, पोखरियाल, धोत्रे व अधिकारी को छह अगस्त को 26 दिन का अवकाश दिया गया था। यह जानकारी सदन की बैठकों में सदस्यों की अनुपस्थिति पर समिति की एक रिपोर्ट में दी गई। कांग्रेस के रवनीत बिट्टू इस समिति के अध्यक्ष हैं।
जम्मू-कश्मीर को मिले 31 हजार करोड़ रुपये के निवेश के प्रस्ताव
केंद्र सरकार ने राज्यसभा को बताया कि केंद्र शासित प्रदेश जम्मू-कश्मीर को 31 हजार करोड़ रुपये के निवेश के प्रस्ताव प्राप्त हुए हैं। इसके साथ ही एक नई केंद्रीय योजना की अधिसूचना भी जारी की गई है जिसकी लाहत 28,400 करोड़ रुपये है। इस योजना से प्रदेश के 4.5 लाख लोगों को रोजगार मिलने की उम्मीद है।
नित्यानंद राय ने कहा कि केंद्र शासित प्रदेश की सरकार ने 25 सितंबर 2020 को 1352.59 करोड़ रुपये के व्यापार पुनरुद्धार पैकेज को अनुमति दी थी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के 2015 के विकास पैकेज के तहत जम्मू-कश्मीर में परियोजनाओं पर तेज रफ्तार से काम किया जा रहा है और यहां स्थितियां बेहतर हो रही हैं।
केवी, नवोदय व सीबीएसई के 327 कर्मचारियों की कोरोना से मौत
केंद्रीय शिक्षा राज्य मंत्री सुभाष सरकार ने राज्यसभा में बताया कि केंद्रीय विद्यालयों (केवी), जवाहर नवोदय विद्यालयों (जेएनवी) और केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) के विद्यालयों में कोरोना वायरस महामारी के चलते 327 शिक्षकों और गैर शिक्षक कर्माचारियों की मौत हुई है। इनमें से किसी की मौत ड्यूटी के दौरान नहीं हुई है।
केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने बुधवार को राज्यसभा में बताया कि 2020 में एक्सप्रेस-वे समेत राष्ट्रीय राजमार्गो पर कुल 1,16,496 हादसे हुए। इनमें 47,984 लोगों की मौत हो गई। इससे पहले 2019 में इन मार्गों पर 1,37,191 हादसे हुए थे, जिनमें 53,872 लोग मारे गए थे। दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे (एनई-3) पर यूजर फी (टोल) वसूली के लिए अधिसूचना जल्द जारी की जाएगी।
उन्होंने कहा कि उन्नत यातायात प्रबंधन प्रणालियां समझौते का अभिन्न हिस्सा हैं। हाल ही में संशोधित करते हुए इसमें उन्नत प्रौद्योगिकी आधारित समाधानों- घटनाओं का पता लगाने वलो स्मार्ट कैमरे, इमरजेंसी टेलीफोन बाक्स व सीसीटीवी कैमरों की स्थापना आदि को शामिल किया गया है। इसका उद्देश्य निगरानी व सुरक्षा में वृद्धि करना है।
गृह राज्यमंत्री ने बताया कि पिछले तीन वर्षो में देश के विभिन्न हिस्सों से गैरकानूनी गतिविधियां (रोकथाम) अधिनियम (यूएपीए) के तहत 4,690 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। 149 आरोपितों को सजा भी हो चुकी है।