सुरक्षा एजेंसियों ने गुजरात में घुसे 10 संदिग्ध पाकिस्तानी आतंकियों में से तीन को मार गिराने में बड़ी कामयाबी पाई है। हाल ही में समुद्र के रास्ते गुजरात में घुसे ये आतंकवादी देश में बड़े हमले करने की फिराक में थे।
शीर्ष आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि देश में किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने से पहले ही तीन संदिग्ध पाकिस्तानी आतंकवादी को पिछले शुक्रवार को गुजरात में मार गिराया गया है।
उन्होंने बताया कि बाकी सात पाकिस्तानी आतंकवादियों के छिपे होने के ठिकाने की पहचान कर ली गई है और उनका खात्मा करने के लिए अभियान चलाया जा रहा है। आतंकियों के खिलाफ अभियान जारी होने के चलते सुरक्षा एजेंसियां ने इस संबंध में विस्तृत जानकारी नहीं दी है।
प्रसिद्ध सोमनाथ मंदिर में हमला करने की फिराक में थे
somnathji
उन्होंने बताया कि सभी संदिग्ध पाकिस्तानी आतंकवादी लश्कर-ए-तैयबा और जैश-ए-मोहम्मद के सदस्य हैं, जो सात मार्च को शिवरात्रि के अवसर पर गुजरात के प्रसिद्ध सोमनाथ मंदिर में हमला करने की फिराक में थे।
इसके अलावा इन आतंकियों ने देश के अन्य स्थलों पर भी वारदातों को अंजाम देने की योजना बनाई थी। मालूम हो कि समुद्र के रास्ते पाकिस्तानी आतंकियों के गुजरात में घुसने की खुफिया जानकारी मिलने के फौरन बाद केंद्र सरकार ने चार एनएसजी की टीमों को गुजरात के लिए रवाना कर दिया था।
इन टीमों को गुजरात के अलग-अलग कई स्थानों पर लगाया गया था। केंद्रीय सुरक्षा एजेंसियों ने गुजरात और सभी मेट्रो स्थलों को अलर्ट कर दिया था। इसके अलावा संवेदनशील औद्योगिक और धार्मिक स्थलों पर सुरक्षा बढ़ा दी गई थी। इसके अलावा उत्तर प्रदेश, आंध्र प्रदेश, तेलंगाना, गोवा, मध्य प्रदेश, राजस्थान और छत्तीसगढ़ में भी अलर्ट जारी किया गया था।