आज 3 मई 2026 को ज्येष्ठ की कृष्ण पक्ष की द्वितीया तिथि है। देश के रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह आज यानी रविवार को उत्तर प्रदेश के प्रयागराज दौरे पर रहेंगे। वहीं, खेल जगत में आज क्रिकेट प्रेमियों को मनोरंजन का भरपूर डोज मिलेगा। आज इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) में डबल हेडर यानी दो मुकाबले खेले जाएंगे।
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह का प्रयागराज दौरा
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह आज प्रयागराज के दौरे पर रहेंगे। वह शाम को अरैल में भारतीय सेना की ओर से आयोजित कल्चरल इवेंट में बतौर मुख्य अतिथि शामिल होंगे।बिहार में निशांत कुमार का निश्चय रथ
जदयू नेता और पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार आज से निश्चय रथ यात्रा की शुरुआत करेंगे। उनकी यह यात्रा पश्चिमी चंपारण से शुरू होगी, जिसके लिए एक हाईटेक रथ तैयार किया गया है। जिस तरह से नीतीश कुमार निश्चय यात्रा पर निकले थे, उसी तरह से निशांत की यात्रा निकलाने की कवायद चल रही है। यात्रा के दौरान निशांत अपनी पार्टी और अपने पिता के कार्यकाल में बिहार में कराए गए विकास कार्यों की जानकारी जनता तक पहुंचाएंगे। साथ ही, वे लोगों से सीधे संवाद भी करेंगे।
उत्तर प्रदेश में शंकराचार्य स्वामी की गोयात्रा
शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती रविवार से गोयात्रा निकालेंगे। यह 81 दिवसीय गोयात्रा उत्तर प्रदेश की सभी 403 विधानसभा क्षेत्रों में जाएगी। इस दौरान शंकराचार्य सभाएं कर सनातनियों को गोरक्षा और गोमाता को राष्ट्रमाता घोषित करने के लिए जागरूक करेंगे।
केंद्रीय मंत्री मांडविया का कर्नाटक दौरा
केंद्रीय श्रम और रोजगार मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया रविवार को कर्नाटक के डोड्डाबल्लापुर में नवनिर्मित 100 बिस्तरों वाले ईएसआईसी अस्पताल का उद्घाटन करेंगे। मांडविया वर्चुअल माध्यम से कर्नाटक के बेल्लारी में बनने वाले 100 बिस्तरों वाले ईएसआईसी अस्पताल की आधारशिला भी रखेंगे। सरकार के मुताबिक ये स्वास्थ्य सुविधाएं इस क्षेत्र में कर्मचारी राज्य बीमा (ईएसआई) योजना के तहत स्वास्थ्य सेवा मुहैया कराने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित होंगी।
आईपीएल में डबल हेडर
आईपीएल में रविवार को दो मुकाबला है। पहला मैच दोपहर 3:30 बजे से सनराइजर्स हैदराबाद और कोलकाता नाइट राइडर्स के बीच तेलंगाना की राजधानी हैदराबाद में खेला जाएगा। वहीं, दूसरा मुकाबला गुजरात टाइटन्स और पंजाब किंग्स के बीच खेला जाएगा है। यह मैच अहमदाबाद में शाम 7:30 बजे से शुरू होगा।