आज 29 मई 2026 को जेष्ठ माह के शुक्ल पक्ष की त्रयोदशी है। गृह मंत्री अमित शाह के गुजरात दौरे का आज दूसरा दिन है। वहीं, आईपीएम में राजस्थान और गुजरात के बीच दूसरा क्वालिफायर मुकाबला खेला जाएगा। पहला क्वालिफायर जीतकर बंगलूरू की टीम पहले ही फाइनल में पहुंच चुकी है।
अमित शाह का गुजरात दौरा
केंद्रीय गृह और सहकारिता मंत्री अमित शाह गुजरात के दौरे पर हैं। आज उनके इस दौरे का दूसरा और आखिरी दिन है। इस दौरान वह भुज जाएंगे। वहां वह बीएसएफ की सीमा चौकी का दौरा करेंगे और हरामीनाला क्षेत्र में तैनात जवानों से बातचीत करेंगे। यह इलाका सुरक्षा के लिहाज से काफी संवेदनशील माना जाता है। गृह मंत्री के दौरे का बड़ा उद्देश्य सीमा पर तैनात जवानों का मनोबल बढ़ाना भी है। शाह सीमा चौकियों पर जवानों के साथ समय बिताएंगे और उनकी समस्याओं को समझने की कोशिश करेंगे। सरकार सीमावर्ती इलाकों में बुनियादी सुविधाओं और कल्याणकारी योजनाओं को भी मजबूत करना चाहती है। सीमा सुरक्षा एजेंसियां लगातार घुसपैठ, हथियारों की तस्करी और नशे के कारोबार जैसी चुनौतियों से जूझ रही हैं। (संबंधित खबर यहां पढ़ें)
भाजपा अध्यक्ष का उत्तराखंड दौरा
भाजपा अध्यक्ष नतीन नवीन उत्तराखंड दौरे पर हैं। आज उनके दौरे का दूसरा दिन है। वह शुक्रवार को राज्य के सभी सांसदों-विधायकों के साथ बैठक करेंगे। बैठख में सभी मंत्री भी बतौर विधायक शामिल होंगे। वहीं, शाम को वह परमार्थ निकेतन ऋषिकेश में गंगा आरती में शामिल होंगे। इसी दौरान वे संतों के साथ संवाद करेंगे। इसमें ऋषिकेश और हरिद्वार के संत शामिल होंगे। उनका यह दौरा 2027 के विधानसभा चुनाव के लिए अहम माना जा रहा है। (संबंधित खबर यहां पढ़ें)
शस्त्र लाइसेंस का विवरण देने का आज आखिरी दिन
इलाहाबाद हाई कोर्ट ने प्रभावशाली और बाहुबली नेताओं के शस्त्र लाइसेंस का पूरा विवरण देने के लिए उत्तर प्रदेश सरकार को शुक्रवार तक का समय दिया है। सरकार की तरफ से दाखिल किए गए हलफनामे में बताया गया है कि प्रदेश में 10 लाख से अधिक शस्त्र लाइसेंस हैं।
सीबीएसई से संबंधित मामले में सुनवाई
सीबीएसई की ऑनस्क्रीन मार्किंग प्रणाली को हाईकोर्ट में चुनौती दी गई है। इसको लेकर इलाहाबाद हाईकोर्ट की लखनऊ पीठ में शुक्रवार को सुनवाई होनी है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का मऊ दौरा
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शुक्रवार को मऊ के दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वह कई विकास परियोजनाओं की सौगात देंगे।
पंचायती राज मंत्रालय का कार्यक्रम
पंचायती राज मंत्रालय शुक्रवार को असम की राजधानी गुवाहाटी में 'सेवा से समृद्धि: पंचायत-नेतृत्व वाली सेवा वितरण' शीर्षक से एक क्षेत्रीय कार्यशाला का आयोजन करेगा। यह कार्यशाला सामान्य सेवा केंद्र विशेष प्रयोजन वाहन (सीएससी-एसपीवी) और असम सरकार के पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग के सहयोग से आयोजित की जा रही है। यह कार्यशाला पंचायती राज मंत्रालय की ओर से ग्रामीण भारत में सशक्त, जवाबदेह और उत्तरदायी पंचायती राज संस्थाओं और ग्रामीण स्थानीय निकायों के माध्यम से बेहतर सेवा वितरण को सुगम बनाने और जीवनस्तर को आसान बनाने के लिए की गई निरंतर पहलों की श्रृंखला का हिस्सा है।
आईपीएल में राजस्थान और गुजरात के बीच क्वॉलिफायर
आईपीएल में राजस्थान रॉयल्स और गुजरात टाइटंस के बीच दूसरा क्वालिफायर होना है। यह मुकाबला शुक्रवार को शाम 7: 30 बजे से न्यू चंडीगढ़ में शुरू होगा। इससे पहले बुधवार को राजस्थान ने सनराइजर्स हैदराबाद को 47 रनों से हराकर क्वालिफायर-दो में अपनी जगह पक्की की थी। वहीं, ग्रुप चरण में दूसरे स्थान पर ही गुजरात को पहले क्वालिफायर में हार का सामना करना पड़ा था। पहले क्वालिफायर में हार के बाद गुजरात के लिए फाइनल में पहुंचने का ये दूसरा मौका होगा।