प्राथमिक विद्यालय रोगहीं में शनिवार की सुबह अगरबत्ती का रैपर सूंघने से 25 छात्र-छात्राएं बेहोश हो गईं। सभी को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र कोन ले जाया गया। वहां से सभी को दोपहर बाद जिला अस्पताल भेजा गया। सीएमओ डॉ. यूके वर्मा के मुताबिक सभी बच्चे स्वस्थ हैं।
रैपर की जांच कराई जाएगी। शनिवार की सुबह साढ़े दस बजे परीक्षा देने के बाद कोन थाना क्षेत्र के हर्रा ग्राम पंचायत में स्थित रोगहीं प्राथमिक विद्यालय के बच्चे बरामदे में घूम रहे थे। इसी दौरान बच्चों ने अगरबत्ती का एक रैपर पड़ा देखा। विद्यालय के छात्र नितिश ने उसे सूंघा तो खुशबू अच्छी लगी।
उसने दूसरे बच्चों को बताया तो उन्होंने भी सूंघा। इसके बाद बच्चों के सिर और पेट में दर्द शुरू हो गया। फिर चक्कर आने लगा। एक-एक कर 25 बच्चे अचेत हो गए। इससे हड़कंप मच गया। बच्चों ने शिक्षक बच्चाराम को जानकारी दी। उन्होंने प्रधान प्रतिनिधि गोपाल प्रसाद को बताया। फिर एंबुलेंस से सभी को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र कोन पहुंचाया गया।
सूचना पर तहसीलदार योगेंद्र सिंह, डॉक्टरों के साथ सीएमओ डॉ. यूके वर्मा, बीएसए मनभरन राम राजभर, बीईओ और कोन थाना पुलिस भी पहुंची। प्राथमिक उपचार कर बच्चों को जिला अस्पताल भेज दिया गया।