आंध्र प्रदेश-ओडिशा सीमा पर सोमवार को सुरक्षा बलों के साथ मुठभेड़ में 24 नक्सली मारे गए। इनमें दो शीर्ष नक्सली नेता के शामिल होने की संभावना जताई जा रही है। मुठभेड़ में आंध्र प्रदेश के प्रमुख नक्सल रोधी बल ग्रेहाउंड का एक कमांडो शहीद हो गया, जबकि एक अन्य कमांडो घायल हुआ है।
मलकानगिरि के एसपी मित्रभानु महापात्र ने बताया कि ओडिशा-आंध्र प्रदेश सीमा पर स्थिति चित्राकोंडा इलाके में ओडिशा पुलिस और ग्रेहाउंड की संयुक्त टीम तलाशी अभियान चला रही थी। इस दौरान हुई मुठभेड़ में 24 नक्सली मारे गए। इनमें शीर्ष नक्सली नेता गजराला रवि उर्फ उदय और चालपति के शामिल होने की संभावना है।
मारे जाने वालों में शीर्ष नक्सली नेता रामकृष्णा के बेटे मुन्ना के शामिल होने की बात भी कही जा रही है। मुठभेड़ सोमवार सुबह हुई। मारे गए नक्सलियों में कुछ महिला नक्सली भी शामिल हैं। पुलिस ने मुठभेड़ स्थल से चार एके-47 राइफल बरामद की है। यहां नक्सलियों के छिपने के एक ठिकाने का भी पता चला है।