आज 22 फरवरी 2026 को शुक्ल पक्ष की पंचमी है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी रविवार को मेरठ के दौरे पर रहेंगे। वहीं, टी20 विश्वकप के सुपर-8 में दो मुकाबले खेले जाएंगे। भारत भी दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ मैच के साथ सुपर-8 चरण के अभियान का आगाज करेगा।
पीएम मोदी का मेरठ दौरा
शुरुआत पीएम नरेंद्र मोदी से। वे रविवार को मेरठ दौरे पर हैं। प्रधानमंत्री मोदी दिल्ली से मेरठ की 82 किलोमीटर की दूरी को मात्र 55 मिनट में पूरा करने में सक्षम 160 किलोमीटर प्रति घंटा की डिजाइन स्पीड वाली नमो भारत ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर इस कॉरिडोर का उद्घाटन करेंगे। सराय काले खां से मोदीपुरम तक फैला यह आधुनिक रैपिड ट्रांजिट कॉरिडोर एनसीआर और पश्चिमी यूपी के समग्र आर्थिक, सामाजिक और शहरी विकास को भी नई गति देगा। वे लगभग 12,930 करोड़ रुपए की विभिन्न विकास परियोजनाओं का भी उद्घाटन करेंगे। इन आयोजनों के अलावा पीएम का मेरठ में एक रैली को संबोधित करने का भी कार्यक्रम है। (संबंधित खबर यहां पढ़ें)
मन की बात
22 फरवरी को महीने का आखिरी रविवार है। हर महीने के आखिरी रविवार की तरह इस बार भी पीएम मोदी मन की बात करेंगे। यह मन की बात कार्यक्रम की 131वीं कड़ी होगी। यह कार्यक्रम सुबह 11 बजे से शुरु होगा।
टी20 विश्वकप में भारत का पहला सुपर-8 मुकाबला
टी20 विश्वकप में रविवार को सुपर-8 के दो मुकाबले खेले जाएंगे। दिन का पहला मैच इंग्लैंड और श्रीलंका के बीच खेला जाएगा। यह मुकाबला दोपहर 3 बजे से श्रीलंका के पल्लेकेले में होगा। वहीं, दूसरा मुकाबला भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच खेला जाएगा। यह मैच शाम 7:00 बजे से अहमदाबाद में खेला जाएगा।
महिला एशिया कप में भारत और बांग्लादेश के बीच
एसीसी महिला एशिया कप राइजिंग स्टार्स में रविवार को भारत और बांग्लादेश के बीच फाइनल मुकाबला खेला जाएगा। यह मैच बैंगकॉक में खेला जाएगा। (संबंधित खबर यहां देखे)
छत्तीसगढ़ में भाजपा और कांग्रेस विधायकों की बैठक
छत्तीसगढ़ में रविवार को भाजपा और कांग्रेस अपने-अपने विधायकों की बैठक करेंगे। छत्तीसगढ़ विधानसभा का बजट सत्र 23 फरवरी को शुरू होगा। वहीं, 24 फरवरी को वित्त मंत्री वर्ष 2026-27 का बजट पेश करेंगे। यह सत्र 20 मार्च तक चलेगा। बजट सत्र से पहले दोनों दल बैठक करके रणनीतिक चर्चा करेंगे।
बिहार विकास सम्मेलन
बिहार विकास सम्मेलन का आयोजन दिल्ली के तालकटोरा स्टेडिम में रविवार को किया जाएगा। यह कार्यक्रम बिहार की उन्नति के उपायों और मंथन के लिए किया जा रहा है।
भारत-नेपाल व्यापार मेले का आखिरी दिन
इंडो-नेपाल ट्रेड फेस्टिवल का रविवार को अखिरी दिन है। इसमें हथकरघा उत्पाद, हिमालयी औषधियां और सांस्कृतिक संबंध मजबूत करने पर जोर दिया गया। (संबंधित खबर यहां पढ़ें)
उप्र में एसआईआर की प्रक्रिया के तहत विशेष अभियान
उत्तर प्रदेश में चल रही एसआईआर की प्रक्रिया के तहत रविवार को मतदान केंद्रों पर विशेष अभियान का अयोजन किया जा रहा है। इस अभियान में दावों और आपत्तियों की सुनवाई की जाएगी।
दिल्ली मैराथन के लिए मेट्रो ट्रेन की स्पेशल टाइमिंग
रविवार को दिल्ली मैराथन का आयोजन किया जाएगा। इसे देखते हुए मेट्रो ट्रेन की सुविधाएं सुबह 3:30 बजे से शुरू होंगी, ताकि दिल्ली मैराथन में हिस्सा लेने वाले धावकों को सुविधा मिल सके। येलो, ब्लू और वॉयलेट लाइनें टर्मिनल स्टेशनों से सुबह 3:30 बजे से 6 बजे तक हर 30 मिनट में ट्रेन मिलेगी।