आज 20 जनवरी 2026 को माघ माह शुक्ल पक्ष की द्वितीया है। मंगलवार को ज्ञानवापी और सबरजीत कौर से जुड़े मामलों पर अदालतों में सुनवाई होगी। वहीं, राहुल गांधी अपने संसदीय क्षेत्र रायबरेली के दौरे पर हैं।
ज्ञानवापी मामले पर सुनवाई
ज्ञानवापी मस्जिद से जुड़े एक मामले पर आज मंगलवार को सुनवाई होगी। दरअसल, ज्ञानवापी परिसर में नए मंदिर के निर्माण और हिंदुओं को पूजा-पाठ का अधिकार देने से जुड़े 1991 में दायर मुकदमे पर वाराणसी की अदालत में सुनवाई होगी। इस मामले पर पहले शनिवार को सुनवाई होनी वाली थी। (संबंधित खबर यहां पढ़ें)
बंगलूरू में आज से अंतरराष्ट्रीय इलेक्ट्रॉनिक वॉरफेयर सम्मेलन
आधुनिक युद्धक्षेत्र में इलेक्ट्रॉनिक वॉरफेयर की बढ़ती भूमिका देखते हुए बंगलूरू में 7वां अंतरराष्ट्रीय इलेक्ट्रॉनिक वॉरफेयर सम्मेलन मंगलवार से शुरू होगा। तीन दिवसीय सम्मेलन में भारत सहित अमेरिका, इस्राइल, कनाडा, इटली, फ्रांस, जर्मनी और ब्रिटेन जैसे प्रमुख देशों की 48 इलेक्ट्रॉनिक वॉरफेयर संस्थाएं भाग लेंगी।
सरबजीत कौर मामले पर सुनवाई
लाहौर हाईकोर्ट में मंगलवार को सरबजीत कौर के मामले पर सुनवाई होगी। शुक्रवार को लाहौर हाईकोर्ट ने पंजाब सरकार और संबंधित एजेंसियों को 20 जनवरी तक विस्तृत रिपोर्ट सौंपने के आदेश दिए थे। दरअसल, सरबजीत कौर पिछले साल चार नवंबर को भारत से सिख तीर्थयात्रियों के एक जत्थे के साथ पाकिस्तान गईं थीं। तय कार्यक्रम के अनुसार उन्हें भारत लौटना था, लेकिन उन्होंने वापस आने के बजाय पाकिस्तान में ही रहने का फैसला किया। इसी दौरान उन्होंने इस्लाम धर्म अपनाया और शेखूपुरा निवासी नासिर हुसैन से शादी कर ली। बताया जाता है कि सरबजीत और नासिर की पहचान 2016 में सोशल मीडिया के जरिए हुई थी, जो धीरे-धीरे रिश्ते में बदल गई। धर्म परिवर्तन के बाद सरबजीत ने अपना नाम बदलकर नूर रख लिया।
राहुल गांधी का रायबरेली दौरा
राहुल गांधी अपने संसदीय क्षेत्र रायबरेली के दौरे पर हैं। इस दौरान वे मंगलवार को पार्टी पदाधिकारियों, प्रतिनिधियों आदि से मुलाकात करेंगे। इसके बाद राजकीय क्रिकेट प्रतियोगिता का उद्घाटन करेंगे। दोपहर 1:45 बजे से 2:45 बजे तक रोहनिया उमरन गांव में मनरेगा की चौपाल लगाएंगे। चौपाल के जरिए मनरेगा श्रमिकों से बातचीत करेंगे। (संबंधित खबर यहां पढ़ें)
मद्रास हाईकोर्ट में तमिल फिल्म 'जना नायकन' से जुड़े मामले पर मंगलवार को सुनवाई होगी। अभिनेता विजय की फिल्म 'जन नायकन' के मेकर्स ने फिल्म की रिलीज को लेकर सुप्रीम कोर्ट का दरवाजा खटखटाया था। मगर, वहां से मेकर्स को झटका लगा है। सुप्रीम कोर्ट ने सेंसर बोर्ड से हरी झंडी मिलने के लिए की गई निर्माताओं की याचिका को सुनने से इनकार कर दिया है। सुप्रीम कोर्ट ने प्रोड्यूसर्स से राहत के लिए मद्रास हाई कोर्ट की डिविजन बेंच से संपर्क करने को कहा था।
डब्ल्यूपीएल में दिल्ली और मुंबई का मुकाबला
महिला प्रीमियर लीग में दिल्ली कैपिटल्स और मुंबई इंडियंस के बीच मुकाबला होगा। मुकाबला शाम साढ़े सात बजे से नागपुर में शुरू होगा। इससे पहले शनिवार को यूपी वॉरियर्स ने मुंबई इंडियंस को 22 रनों से हराया था।